सिंधिया की जमीन पर कमलनाथ के भावी मुख्यमंत्री बनने का होर्डिंग लगा

Jan 02 2023

ग्वालियर। नए साल में शहर में एक नया रोचक नजारा शहरवासियों को देखने को मिला है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के नाम से शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों पर साल 2023 में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के होर्डिंग लगाए गए हैं जिनमे कांग्रेस के वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के मुख्यमंत्री बनने की बात कही है। नया साल नई सरकार के स्लोगन के साथ लगा ये होर्डिंग लोगों में चर्चा का विषय हैं। इस होर्डिंग में कमलनाथ को मध्यप्रदेश का भावी मुख्यमंत्री बताया गया है। इस पर कमलनाथ की महाकाल की पूजा करते हुए फोटो लगा है, साथ ही ग्वालियर पूर्व के विधायक डॉ. सतीश सिकरवार एवं महापौर डॉ. शोभा सिकरवार के फोटो भी लगे हैं।
चौंकाने वाली बात ये है कि यह होर्डिंग भाजपा की केंद्र सरकार में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जमीन पर लगा है। शहर के वीर सावरकर सरोवर मार्ग सिंधिया राजपरिवार की अम्मा महाराज की छत्री बनी हुई है जिसकी बाउंड्री के अंदर खुली जमीन पर ये होर्डिंग लगा हुआ है जो यहां घूमने आने वाले एवं यहां से होकर गुजरने वाले लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग चटकारे ले रहे हैं अरे वाह भाजपा की जमीन पर कांग्रेस की सरकार बनने का प्रचार। 
खास बात ये है कि 1 जनवरी को केंद्रीय मंत्री सिंधिया का जन्मदिन भी था जिसे धूमधाम से मनाने उनके समर्थकों ने अनेक कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माँ के आकस्मिक निधन के बाद सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए थे। हालांकि ये होर्डिंग पब्लिसिटी एजेंसी ने लगाए हैं। जिसके लिए उसने सिंधिया देवस्थान ट्रस्ट से किराए पर जमीन ली है और उसी ने नगर निगम की परमिशन लेकर ये होर्डिंग लगाया है।
होर्डिंग्स को लेकर महल से जुड़े लोग इसकी जिम्मेदारी एक-दूसरे पर टालते रहे। जब छत्री परिसर में कार्यरत कर्मचारियों से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि होर्डिंग्स का काम वर्मा देखते हैं, लेकिन जब वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे भी संपर्क नहीं हो पाया।