बर्फीली हवा-कोहरे की जुगलबंदी, ठंड का दूसरा राउण्ड शुरू

Jan 02 2023

ग्वालियर। नए साल के पहले दिन जहां दिनभर चली बर्फीली हवा ने तो रात गहराते ही आठ बजे से कोहरे का कोहराम शहर में देखने को मिला। रात 8 से 11 बजे तक घना कोहरा सडक़ों पर होने के कारण दृश्यता सात से आठ सौ मीटर रह जाने व सर्द हवा का साथ मिलते ही लोग ठंड से बचने के लिए घरों में जल्द पहुंचे और रजाई व कंबल का सहारा लेकर सर्दी से बचाव किया।
मौसम विभाग का अंचल के मौसम को लेकर कहना है कि जम्मू-कश्मीर ही नहीं बल्कि हिमाचल से लेकर उत्तरांचल के पहाड़ों पर बीते कई दिनों से जमकर बर्फबारी होने से पहाड़ों से टकराकर उत्तर भारत के रास्ते अंचल में आ रही बर्फीली हवा के साथ अधिक मात्रा में आ रही नमी के चलते अंचलवासियों को सर्दी के साथ ही कोहरे की दोतरफा मार झेलनी पड़ रही है। अंचल में लगातार नमी के बने रहने से आगामी दो दिनों तक जहां न्यूनतम पारा 6 से 8 डिग्री के बीच बना रहेगा। वहीं उत्तरी हवा लगातार अंचल में प्रवेश करने से दिन के पारे में कमी आने से दिन में ठंड बढ़ेगी मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि बीती रात आठ बजे कोहरे ने शहर में दस्तक दे दी, लेकिन आधी रात के बाद हवा की वेलोसिटी कम होते ही कोहरा छंटना शुरु हो गया था। 
वहीं सोमवार सुबह साढ़े पांच से साढ़े सात बजे तक शहर में दृश्यता 1200 मीटर रही, वहीं दिन चढऩे के साथ दृश्यता बढक़र 1500 मीटर पहुंचते ही कोहरे का असर कम होता चला गया। उपाध्याय ने बताया कि आगामी चौबीस घंटे के दौरान मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिलेगा। अब रात के साथ ही दिन का पारा गिरने से ठंड बढक़र लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी।