सतना से घूमने आये छात्र का ग्वालियर किले पर मिला कंकाल
Dec 31 2022
ग्वालियर। किले की तलहटी में 12वीं के छात्र का कंकाल मिला है। यह 4 महीने पुराना बताया जा रहा है। अगस्त में छात्र अपने हमउम्र दोस्त के साथ घूमने आया था। वह अपनी प्रेमिका को दिखाने के लिए किले से कूदने के ड्रामे का वीडियो शूट करा रहा था, तभी पैर फिसलने से खाई में गिर गया। उसका दोस्त घबराकर वापस सतना लौट गया। सतना में छात्र के परिवार ने अपहरण का केस दर्ज करा रखा था। छात्र 2 बहनों में सबसे छोटा और इकलौता भाई था।
सतना के छात्र संदीप के दोस्त सुनील ने लौटने के तीन से चार दिन बाद उसके परिजन को किले से गिरने की बात बताई। इस पर परिजन ग्वालियर आए और यहां पुलिस से संपर्क किया। दोस्त मोबाइल में घटना के वीडियो वाली बात छिपा गया। उस समय परिजन लौट गए। अब 2 दिन पहले दोस्त के मोबाइल में वीडियो होने का खुलासा हुआ। इसके बाद सतना पुलिस ग्वालियर गई। शनिवार को छानबीन में कंकाल मिला है। पुलिस ने छात्र की खोपड़ी, हाथ, पैर और जूता बरामद किया है। कंकाल छात्र का है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस डीएनए टेस्ट कराएगी। सतना पुलिस ग्वालियर से कंकाल को लेकर लौट गई है।
सतना के मैहर थाने की पुलिस ने एक बार फिर ग्वालियर की पड़ाव थाना पुलिस से संपर्क कर चार महीने पहले लापता हुए मैहर के एक छात्र के अपहरण के मामले में जानकारी दी। सतना पुलिस ने बताया कि 16 अगस्त 2022 को मैहर निवासी संदीप कुशवाह (17) पुत्र पूरन सिंह कुशवाह लापता हो गया था। वह अपने साथी सुनील कोल (19) पुत्र श्यामलाल कॉल के साथ घूमने के लिए ग्वालियर आया था। यहां दोनों कुछ दिन धर्मशाला में रहे।
70 फीट नीचे चट्टानों पर गिरा
24 अगस्त को दोनों किले पर दरगाह के पास बैठे थे। संदीप ने दोस्त सुनील को उसका एक वीडियो बनाने के लिए कहा। इसमें वह किले से कूदने का नाटक करने लगा। यह वीडियो किसी लडक़ी को दिखाना था। मजाक-मजाक में छात्र कुछ दूरी पर कूद गया, लेकिन उसे स्पॉट का अंदाजा नहीं रहा और उसका पैर फिसल गया। इससे वह 70 फीट नीचे गहराई में चट्टानों पर गिरा।
सतना पुलिस तफ्तीश कर ही रही थी कि छात्र के दोस्त सुनील के मोबाइल से एक वीडियो मिला। पुलिस ने पूछताछ की, तो छात्र के दोस्त ने पूरी कहानी सुना दी। बताया कि वे सतना से भागकर ग्वालियर पहुंचे थे। 24 अगस्त को किले पर बैठकर शराब पी रहे थे। संदीप किसी लडक़ी को दिखाने के लिए अपना वीडियो बनवा रहा था, मस्ती-मजाक में सुनील कह रहा था कि कूद जा, कूद जा। तभी पैर फिसलने से संदीप हादसे का शिकार हो गया। मृतक के परिजन ने छात्र के दोस्त पर ही हत्या का आरोप लगाया है। शनिवार को सतना के मैहर थाना पुलिस छात्र के पिता, दोस्त को लेकर ग्वालियर पहुंची। यहां पड़ाव पुलिस को साथ लेकर छानबीन की।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









