ग्वालियर में छाया गहरा कोहरा, ठंड ने अपने तेवर दिखाए

Dec 31 2022

ग्वालियर। साल के आखिरी दिन शनिवार की शुरुआत गहरे कोहरे के साथ हुई है। दो दिन में ही ठंड ने अपने तेवर दिखा दिए हैं और लोग गलन वाली सर्दी महसूस कर रहे हैं। सडक़ों पर जगह-जगह लोग अलाव के सहारे लोग ठंड से बचाव करते दिखाई दे रहे हैं। ग्वालियर शहर के साथ साथ ही का अंचल के सभी शहरों में हाड़ कपा देने वाली ठंड का दौर जारी है। वही मौसम विभाग की माने तो यह तो अभी ठंड की शुरूआत है। आने वाले दो से तीन दिन में तापमान और भी नीचे गिरेगा। एक्सपर्ट कहते हैं कि अब दिन तापमान में अंतर आएगा। दिन में तापमान कम होगा तो कोल्ड डे की शुरूआत होगी।
दिसम्बर का अंतिम दिन आते-आते ठंड अपना असली रूप दिखाती नजर आई। दिन का पारा सामान्य से नीचे जा पहुंचा, तो गत रात में हाड़मांस कंपा देने वाली बर्फीली हवा के साथ शनिवार की सुबह गहरे कोहरे के साथ हुई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि जनवरी की शुरुआत भीषण ठंड के साथ होगी। शहर में पिछले दो दिनों से जम्मू-कश्मीर से शुष्क और ठंडी हवा आ रही हैं। जिससे अंचल में कड़ाकेदार सर्दी का दौर शुरु हो चुका है।
शनिवार सुबह शहर में गहरा कोहरा छाया हुआ है साथ ही सर्द हवाएं भी चल रही है दिन का अधिकतम पारा 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ये अधिकतम पारा सामान्य से लगभग 3.8 डिग्री से कम होने से दिन भर सर्द हवा शरीर पर अटैक करती दिखी। न्यूनतम पारे पर आधी रात के बाद छाए हल्के कोहरे का असर देखने को मिला है। शनिवार को न्यूनतम पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी चौबीस घंटे के दौरान गलन व हाड़मांस कंपा देने वाली ठंड से कोई राहत मिलने के आसार नहीं बन रहे है।
आधा दर्जन ट्रेनों की चाल पर दिखने लगा कोहरे का असर
अब कड़ाके की ठंड के साथ कोहरे का असर भी दिखने लगा है। बीती रात हल्के कोहरे के चलते राजधानी से लेकर शताब्दी एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों की की रफ्तार थम गई है। शताब्दी एक्सप्रेस के अलावा दिल्ली, आगरा से आने वाली ट्रेने देरी से पहुंची हैं।
डॉक्टर की सलाह, सर्दी में रखें विशेष ख्यालइस समय गलन वाली ठंड पड़ रही है। इस पर जेएएच के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. अजय पाल सिंह का कहना है कि सर्दी में हार्ट व शुगर के मरीजों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। ऐसे मरीज सूरज निकलने के बाद ही सुबह घूमने के लिए निकलें। सर्दी में ब्रेन स्ट्रोक का खतरा ज्यादा रहता है। ऐसे में बुजुर्गों का सर्दी में खास ख्याल रखा जाए। ताजा खाना खाएं व गर्म कपड़ों से ढककर रखें।