चेंबर के दोनों हाउस के प्रत्याशियों ने जोश के साथ भरे नामांकन

Dec 30 2022

ग्वालियर। मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स के 18 जनवरी को होने वाले चुनाव के लिए क्रिएटिव हाउस एवं व्हाइट हाउस के सभी प्रत्याशियों ने जोश के साथ अपने-अपने नामांकन पर्चे शुक्रवार को दाखिल किए। इस दौरान दोनों ही हाउसों ने शक्ति का प्रदर्शन भी किया। क्रिएटिव हाउस के प्रत्याशी सनातन धर्म मंदिर में पूजा अर्चना के बाद जुलूस के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचे जबकि व्हाइट हाउस के प्रत्याशी भगवान अचलनाथ की पूजा अर्चना के बाद नामांकन दाखिल करने पहुंचे। क्रिएटिव हाउस की बीती रात हुई बैठक में सभी प्रत्याशियों का परिचय कराया गया, वहीं इस अवसर पर उपस्थित शहर के वरिष्ठ व्यापारियों एवं उद्योगपतियों ने सभी से आह्वान किया कि चेंबर और व्यापारियों के सुनहरे भविष्य के लिए क्रिएटिव हाउस के सभी प्रत्याशियों को विजयी बनाएं।
शुक्रवार दोपहर एक बजे क्रिएटिव हाउस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विजय गोयल, संयुक्त अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हेमंत गुप्ता, उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी राकेश अग्रवाल, मानसेवी सचिव पद के प्रत्याशी जगदीश मित्तल, मानसेवी संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी सुनील गर्ग बबलू एवं कोषाध्यक्ष पद पर संदीप नारायण अग्रवाल ने हाउस के वरिष्ठ सदस्यों के साथ सनातन धर्म मंदिर में भगवान की पूजा अर्चना की, इसके बाद सभी प्रत्याशी यहां से जुलूस के रूप में चेंबर ऑफ कॉमर्स पहुंचे यहां पर सभी ने अपने नामांकन दाखिल किए।
वहीं दोपहर बारह बजे व्हाइट हाउस के सभी प्रत्याशी अचलेश्वर मंदिर पर एकत्र हुए, यहां हाउस के समर्थक भी पहुंच गए थे, यहां पूजा अर्चना के बाद सभी सदस्य जुलूस के रूप में चेंबर पहुंचे, यहां अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डॉ.प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डॉ.प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजय अग्रवाल, मानसेवी सचिव पद के प्रत्याशी दीपक अग्रवाल, संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी पवन अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज अग्रवाल ने अपने नामांकन दाखिल किए। इसके अलावा कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन पर्चे दाखिल किए हैं।