नशे के विवाद में युवक को जिंदा जलाया, मौत

Dec 29 2022

ग्वालियर। नशे को लेकर आधा दर्जन नशेडिय़ों में ऐसा विवाद हुआ कि उन्होंने एक युवक को जिंदा फूंक दिया। युवक की जलने से मौत हो गई। घटना पड़ाव पुल के नीचे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आधा दर्जन संदेहियों को हिरासत में लिया है। सूत्रों की माने तो पकड़े गए संदेहियों ने वारदात को करना स्वीकार कर लिया है, हालांकि अभी पुलिस घटना का खुलासा करने से बच रही है। पड़ाव थाना क्षेत्र के पड़ाव रेलवे पुल के नीचे गुरुवार तडक़े सुबह एक अज्ञात युवक की अधजली लाश मिलने से यहां इलाके में सनसनी फैल गई। मामले का पता चलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजकर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। 
ग्वालियर पड़ाव थाना प्रभारी विवेक अस्थाना ने मामले की जानकारी देते हुए बताया है कि सूचना मिली थी कि पड़ाव रेलवे पुल के नीचे किसी अज्ञात युवक की लाश पड़ी हुई है। सूचना मिलने पर मौके पर थाने का बल पहुंचाए गया था। शव के पास जांच पड़ताल करने पर शराब की टूटी हुई बोतल और खून के धब्बे भी मिले हैं इससे पता चल रहा है कि युवक की पहले पीट पीटकर हत्या की गई फिर सबूत छुपाने के लिए उसके चेहरा और शरीर को जलाया गया। वहीं युवक के शव के पास ऐसा कोई भी दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान की जा सके। फिलहाल मृतक युवक के शव को पीएम के लिए भेज कर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को पूछताछ में पता चला कि बीती रात वह कुछ युवकों के साथ यहीं पर देखा गया था। इसका पता चलते ही पुलिस ने संदेहियों को लिफ्ट कर पूछताछ करना शुरू कर दिया है। 
सूत्रों की माने तो पुलिस ने संदेहियों को गर्म किया तो उन्होंने तुरंत ही मामले का खुलासा कर दिया है और नशे के कारण वारदात को करना स्वीकार किया है।