भाजपा की जीत हम सभी की जिम्मेदारी

Dec 29 2022

ग्वालियर। भाजपा ने आपको जो आपको जो सम्मान दिलाया है और जनता ने जो जिम्मेदारी सौंपी है उसका निर्वहन करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत मिले यह हमारी सभी की जिम्मेदारी है। किसी जनप्रतिनिधि से ऐसा कोई कार्य नहीं होना चाहिए जिससे कि पार्टी की छवि को क्षति पहुंचे।
भाजपा के टिकट पर नगरीय निकाय चुनाव में विजयी रहे प्रतिनिधियों के एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने यह बात कही। 
मानस भवन में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि हम सभी जनता के सेवक है और सेवक का कर्तव्य है जनता की सेवा। इस अवसर पर उपस्थित मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि भाजपा ने आपको जो आशीर्वाद दिया है अब आपकी बारी है कि आप लोग अपने सेवा कार्य से जनता का दिल जीतें।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याएं क्षेत्र की होती हैं उन पर जरुर ध्यान दें और उनका निराकरण कराएं। इसी से हम बड़े लक्ष्य को हासिल कर सकेंगे। उन्होंने सभी पार्षदों से कहा कि विकास कार्यों के साथ ही वे प्रदेश सरकार की योजनाओं की सटीक जानकारी हासिल कर लोगों को इसका लाभ दिलाएं। अगर ऐसा वे करते हैं तो इससे निश्चित रुप से पार्टी को ही नहीं उन्हें भी लाभ मिलेगा। 
सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि जनता की आपसे अपेक्षाएं हैं उन्हें पूरा करना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार है, इसलिए विकास में किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं आएगी।
जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने कहा जनता ने हमें सेवा के लिए चुना है इसलिए हम सेवा से पीछे न हटें। उन्होंने कहा कि आपके कार्य से पार्टी का ही नहीं आपका भी सम्मान बढ़ेगा। इस अवसर पर सभापति मनोज तोमर भी उपस्थित थे। प्रशिक्षण वर्ग का समापन भाजपा महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने किया। सुबह 11 बजे प्रारंभ हुआ प्रशिक्षण वर्ग शाम 4 बजे तक चला। प्रशिक्षण वर्ग में नगर पालिका तथा नगर पंचायतों सहित कुल 77 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।