कोरोना वायरस से निपटने की तैयारी, मॉकड्रिल से परखी व्यवस्थाएं मिला कोरोना पॉजीटिव, आईसीयू में भर्ती कराया

Dec 27 2022

ग्वालियर। कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आने पर इलाज के लिए जेएएच के कोविड वार्ड पहुंचे मरीज को देख हडक़ंप मच गया। 20 बेड के बनाए गए इस कोविड स्पेशल वार्ड में मरीज को भर्ती कर ऑक्सीजन लेवल कम मिलने पर तत्काल उसे गहन चिकित्सा इकाई में सीनियर डॉक्टरों की देखदेख में वेंटीलेंटर सपोर्ट पर रखने के बाद इलाज शुरु कर दिया गया। यह हकीकत नहीं बल्कि मंगलवार को कोविड19 से संबंधित स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी परखने के लिए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से मिले निर्देश के बाद जेएएच सहित जिला अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में मॉकड्रिल कर स्वास्थ्य सेवाओं को परखा गया।
चीन, जापान और ब्रिटेन में कोरोना वायरस के केस लगातार बढऩे के बाद से ही वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए देश में भी कोरोना संक्रमण को लेकर सतर्कता बढ़ाने के साथ संक्रमण से निपटने के लिए सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को मंगलवार को मोकड्रिल कर परखा गया। 
जेएएच में की गई मॉकड्रिल के दौरान ऑक्सीजन सप्लाई, सैंपल कलेक्शन, वेंटीलेटर से लेकर ड्यूटी डॉक्टर ही नहीं बल्कि पैरामेडिकल स्टॉफ की राउण्ड-द-क्लॉक ड्यूटी लगाए जाने के साथ ही मरीज के कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के बाद डिस्चार्ज किए जाने संबंधी व्यवस्थाओं को जीआरएमसी डीन डॉ. अक्षय निगम, अस्पताल अधीक्षक डॉ.आरकेएस धाकड़ सहित संबंधित विभाग के एचओडी की मौजूदगी में मोकड्रिल कर व्यवस्था को परखा गया।
जीआरएमसी कॉलेज के पीआरओ डॉ. विशाल भार्गव ने बताया कि मंगलवार को की गई मॉक ड्रिल में सभी स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, आइसोलेशन बेड, ऑक्सीजन, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर, डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिक्स, डॉक्टरों और फ्रंटलाइन वर्करों की उपलब्धता के साथ ही इलाज संबंधी मापदंडों पर फोकस किया गया। साथ ही मिली खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश मॉकड्रिल के दौरान ही दिए गए। यह मॉक ड्रिल कोविड-19 प्रबंधन पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य पेशेवरों, स्वास्थ्य कर्मियों, एंबुलेंस, परीक्षण उपकरण आदि की उपलब्धता के मामले में मानव संसाधन क्षमता पर भी केंद्रित व की गई तैयारियों को लेकर की गई।
राहत की बात यह है कि वर्तमान में जिले में एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं है। लेकिन संक्रमण के खतरे को देखते हुए जेएएच कैंपस स्थित टीबी वार्ड में 20 बेड का सर्वसुविधायुक्त कोरोना वार्ड के साथ बच्चों के लिए केआरएच में दस बेड का स्पेशल वार्ड के साथ ही जरुरत पडऩे पर मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पीटल में ढाई सौ बेड सुरक्षित रखे गए है। साथ ही किसी कोविड मरीज की सर्जरी करना पड़े तो उसके लिए एक ऑपरेशन थियेटर भी अन्य रोग से व गर्भवती महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है।