उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई ठंड

Dec 26 2022

ग्वालियर। सीजन में पहली बार ठंड ने सोमवार को शरीर के रोगटे खड़े कर दिए। आलम यह था कि गर्म कपड़ों के अंदर ही नहीं रजाई में भी ठिठुरन हो रही थी। ठंड अपने फुल फॉर्म में है और गलन वाली सर्दी का अहसास होने लगा है। सोमवार सुबह लोग बिस्तर से निकले और बाहर आते ही सर्दी के तेवर देखकर वापस बिस्तरों में जा छिपे। सोमवार को वही लोग बाहर निकले, जिन्हें जरूरी काम से जाना था। सुबह की सैर करने वाले ठंड को देखते हुए पूरे पैक होकर ही घर से निकले। सोमवार को सुबह पारा एकदम नीचे आने से इसका जनजीवन पर प्रभाव पड़ा है, सुबह तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। 
सर्दी के चलते सुबह से ही घरों में चाय और पकौड़ों की मांग सुनाई दी, जो कि दोपहर तक चलती रही। बाजारों में भी लोग चाय और नाश्ते की दुकानों पर खड़े नजर आए।
मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि पहाड़ों से टकराकर अंचल में तीव्र गति से लगातार कोल्ड वेव का आना बना हुआ है साथ ही हवा का रुख से उत्तरी होना गलनभरी सर्दी पडऩे का मुख्य कारण है। यह हवा अपने साथ कश्मीर ही नहीं बल्कि हिमाचल व उत्तराखण्ड से अंचल में बर्फीली ठंडक लेकर आ रही है। इससे दिन व रात के पारे में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।
लगातार बढ़ रही सर्दी को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सर्दी अब जोर पकड़ेगी और आने वाले दिनों में सर्दी के तेवर और बढ़ेंगे। क्योंकि उत्तर भारत के रास्ते आ रही हवा अंचल में प्रवेश कर रही है। गलाव भरी ठंड का एकाएक बढऩे का कारण शीतलहर के साथ आ रही नमी को बता रहे हैं। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि आगामी चौबीस घंटों के दौरान अंचल में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। शीतलहर के लगातार चलते रहने के कारण न्यूनतम पारे के साथ ही अधिकतम पारे में भी गिरावट आने से आने वाले दिनों में मौसम और सर्द भरा देखने को मिलेगा। सर्दी के सुरूर में आते ही अब घरों में खाने का मैन्यू बदल रहा है और अब खाने में पकौड़ों के साथ ही अन्य गर्म व्यंजनों की मांग बढऩे लगी है।
धूप में भी हो रही थी ठिठुरन
कोहरा नहीं होने पर सूर्य देव भी धूप के साथ प्रगट हुए, लेकिन शीतलहर और सर्दी के चलते लोगों को सुबह सर्दी से राहत नहीं दे सके और सर्दी से बचने के लिए धूप में आए लोग भी ठिठुरते दिखाई दिए।
सर्दी के आलम को देखते हुए घरों में ब्लोअर और बाहर लोग अलाव का सहारा लेकर बैठे दिखाई दिए। वहीं बच्चों ने अपने दिन की शुरूआत कमरों में बिस्तर में ही की और बाहर ना के बराबर बच्चे नजर आए।