शहर में धूमधाम से मना क्रिसमस

Dec 25 2022

ग्वालियर। प्रभु यीशु का जन्मदिन क्रिसमस के रूप में धूमधाम से मनाया गा है। शनिवार रात घड़ी में 12 बजते ही शहर के चर्चो में घंटे बज उठे। शहर के फालका बाजार स्थित संत जॉन महा गिरजाघर सहित अन्य चर्चो में ईसाई समाज के लोग शांति के दूत प्रभु यीशु के धरती पर अवतरित होने की खुशी में डूब गए। चर्चो में कैरोल गीत के माध्यम से प्रभु यीशु के आगमन का शुभ समाचार सुनाया गया।
धर्मावलंबियों ने परमपिता परमेश्वर की आराधना करते हुए अपने इकलौते पुत्र प्रभु यीशु को धरती को पाप मुक्त करने के लिए भेजने पर शुक्रिया अदा किया। सभी ने यीशु के जन्म पर प्रार्थना की और क्रिसमस की खुशियां मनाई।
रात से ही ईसाई धर्म के लोग प्रभु यीशु के जन्मदिन पर काफी खुश नजर आए और खुशी में खुशी में झूमते हुए एक दूसरे को मैरी क्रिसमस व हैप्पी क्रिसमस कहते हुए यीशु के जन्म की बधाइयां देने लगे। कोई हाथ मिलाकर तो कोई गले मिलकर तो कोई स्नेह से चूमते हुए बधाइयां दे रहा था। चर्चो में धर्मावलंबियों ने प्रभु यीशु की महिमा का गुणगान करते हुए कैरोल गीत गाए और हाथों में मोमबत्ती और पटाखों की गूंज के बीच उनके आगमन की खुशियां मनाई। इधर मोबाइल, टेलीफोन व नेट पर एक दूसरे को क्रिसमस की बधाइयां देने का सिलसिला चल रहा है।
रविवार को सुबह चर्चो में विशेष प्रार्थना हुई और यहां एक दूसरे को केक खिलाकर क्रिसमस की बधाई दी गई। इस मौके पर चर्च में बच्चों के लिए कई तरह के कार्यक्रम भी किए गए हैं। बच्चों ने अपने बढ़ों को विश किया तो बढ़ों ने बच्चों को उपहार दिए।
मुख्य कार्यक्रम फालका बाजार स्थित सेंट जान चर्च में आयोजित किया गया जहाँ पल्ली पुरोहित फादर जोसफ चिपसन, सहायक पल्ली पुरोहित फादर पवन डेविड ने विशेष प्रार्थना कर मिस्सा बलिदान चढ़ाया एवं ओर उपस्थित लोगों को क्रिसमस की बधायी दी। इस अवसर पर केरॉल गीत मंडली द्वारा मरियम का दुलारा बेटा,चरनी में पैदा हुआ गाया। प्रार्थना सभा के बाद फादर ने सभी बच्चों को सिर पर हाथ फेरकर आर्शीवाद दिया फिर केक खिलाकर क्रिसमस की बधाई दी।
सोशल मीडिया पर बधाइयों का दौर शुरू
क्रिसमस को लेकर वाट्सएप और फेसबुक सहित सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का सिलसिला जारी है। इससे पहले पादरियों ने विश्व शांति के लिए प्रार्थना की और सभी को क्रिसमस की बधाइयां देते हुए प्रभु यीशु की तरह मानवता की भलाई के कार्य करने का आह्वान किया। संत जॉन महा चर्च में विशेष प्रार्थना हुई।
क्रिसमस पर बधाई देने विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष भी फालका बाजार सेंट जान चर्च पंहुचे जहाँ उन्होने फादर जोसफ चिपसन को गुलदस्ता भेंटकर कांग्रेस पार्टी की ओर से पूरे ईसाइ समाज को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर ईसाइ समाज के राजू फ्रंासिस भी उपस्थित थे।
कोविड की गाइड लाइन का भी हुआ पालन
 हाल ही में कोविड को लेकर फिर से माहौल गर्म है। चाइना में लगातार हालात बिगड़ते जा रहे है। यही कारण है कि ग्वालियर में भी कलेक्टर ग्वालियर द्वारा कोविड गाइड जारी की है।चर्च में क्रिसमस के कार्यक्रम में ईसाई धर्म के लोग गाइड लाइन का पालन करते हुए नजर आए।