अटलजी पूरे देश के आदर्श थे-सिलावट

Dec 25 2022

ग्वालियर। ग्वालियर के सपूत भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का रविवार 25 दिसम्बर को 98 वां जन्मदिन था। देश सहित उनके गृह नगर ग्वालियर में बड़ी संख्या में लोग उन्हें नमन करने पहुंचे। इसी क्रम में ग्वालियर में उनके पुश्तैनी घर शिंदे की छावनी स्थित कमल सिंह का बाग में एक पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में काफी संख्या में भाजपा और कांग्रेस से जुड़े नेता व लोग पहुंचे और भारत रत्न को पुष्प अर्पित कर याद किया।
पुष्पाजंलि सभा में पहुंचे प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि अटलजी ग्वालियर के ही नहीं पूरे देश के लिए आदर्श पुरुष थे। ये हमारा सौभाग्य है कि उन्होंने ग्वालियर में जन्म लिया। मैं प्रभारी मंत्री के नाते उन्हें प्रणाम करता हूँ और संकल्प लेता हूँ उनके दिखाये मार्ग पर चलूँगा।
पूर्व प्रधानमंत्री के पुश्तैनी घर पर हुई पुष्पांजलि सभा में जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ग्वालियर सांसद विवेक शेजवलकर, पूर्व मंत्री एवं अटलजी के भांजे अनूप मिश्रा, पूर्व मंत्री माया सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए और उन्होंने अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये।
प्रभारी मंत्री ने देखी अटल गैलरी
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ग्वालियर आने के बाद कमल सिंह का बाग स्थित अटलजी के निवास पर पहुंचे यहां उन्होंने अटलजी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, सभापति मनोज तोमर सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट स्मार्ट सिटी द्वारा गोरखी में नवनिर्मित अटल संग्रहालय का अवलोकन किया। 
बूथ केन्द्रों पर जमा हुए भाजपाई, सुनी मन की बात
 भाजपा ने रविवार को सभी मतदान केन्द्रों पर अटलजी का जन्मोत्सव मनाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात सुनी और देखी। एक बूथ पर प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट भी पहुंचे। वहीं भाजपा के व्यापारी प्रकोष्ठ के संभागीय सम्मेलन में प्रकोष्ठ ने शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम चलाए जाने का निर्णय लिया। भाजपा द्वारा सभी मतदान केन्द्रों पर मन की बात कार्यक्रम के लिए तैयारियां की थी। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ता अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचे और उन्होंने अटलजी को पुष्पांजलि अर्पित कर मन की बात सुनीं।