ऊर्जा मंत्री ने गजक कूटी

Dec 24 2022

ग्वालियर। मध्यप्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर में गजक कूटी। उन्होंने गजक पर खूब हथौड़े चलाए। मंत्री के इस अंदाज पर हाल ही के दिनों में कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हुए नरेंद्र सलूजा ने चुटकी ली। सलूजा ने ट्वीट में कहा मंत्री जी दौरे पर थे, किसी ने बता दिया कि गजक का नाम कांग्रेस है। बस क्या, मंत्री जी ने जमकर कूट दिया। तोमर भी कभी कांग्रेस में रहे हैं। 2020 में सिंधिया के भाजपा में जाने पर उन्होंने भी भाजपा जॉइन कर ली थी।
अलाव तापकर ली चाय की चुस्कियां
मंत्री शनिवार सुबह 6 बजे भोपाल से ग्वालियर आए। नंगे पैर किलागेट पहुंचे। यहां लोगों के साथ चबूतरे पर बैठकर चर्चा की। सुबह का समय था और ठंड भी थी। इस दौरान सडक़ किनारे बैठे लोगों के साथ ऊर्जा मंत्री ने अलाव भी तापा। चाय की चुस्कियों के बीच लोगों से हाल-चाल जाना। पूछा कोई परेशानी तो नहीं है। बता दें, अपने क्षेत्र की तीन सडक़ें बनने तक मंत्री ने जूते-चप्पल त्याग दिए हैं। वे तीन महीने से नंगे पैर ही कहीं आ-जा रहे हैं।
किलागेट पर टहलते समय ऊर्जा मंत्री एक घर में पहुंचे। यहां गजक बनाने के लिए कारीगर गजक कूट रहे थे। यह देखकर ऊर्जा मंत्री से रहा नहीं गया। पहले उन्होंने गजक बना रहे कारीगरों से बातचीत की और फिर उनका लकड़ी का हथौड़ा लेकर उनके साथ गजक बनाने में अपना योगदान दिया। अपने साथ आए लोगों को गजक भी खिलाई।
मंत्री एक घर में पहुंचे। वहां महिला से बोले- समस्या दूर हो गई। पहले पानी के लिए कैसे लड़ती थीं। अब तो खुश हो। कितने साल से पानी की समस्या थी? महिला बोली- बहुत साल की, 25 साल की...। मंत्री ने फिर कहा कि 25 साल की पानी की समस्या दूर हो गई, खुश हो...। अब तो रोड भी सही हो गई।