सुबह सता रही सर्दी, दोपहर में धूप दे रही राहत

Dec 19 2022

ग्वालियर। ग्वालियर में कड़ाके की ठंड का दौर अब शुरू हो चुका है। दोपहर में धूप से राहत जरुर मिल रही है। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रहा है। प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा नौगांव 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। सोमवार सुबह हाइवे पर बहुत हल्की परत का कोहरा भी नजर आया है। जिस कारण दृश्यता 1 हजार मीटर से कम रही है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा के च लते अंचल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हल्का कोहरे ने संकेत दे दिए हैं कि साल के आखिरी सप्ताह में घने कोहरे ट्रैफिक अस्त व्यस्त कर सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि आगे आने वाले दिनों में सर्दी के तेवर ऐसे ही देखने को मिलेंगे। जहां दिन में मौसम शुष्क होने व कोई भी सिस्टम अंचल में एक्टिव नहीं होने व वातावरण में अधिक आद्रता होने से अधिकतम पारा 24 से 26 के बीच रहने से अब दिन में भी सर्दी परेशान करेगी। वहीं आने वाले दिनों में हल्का कोहरा छाए रहने के कारण न्यूनतम पारा आगे आने वाले दिनों में 6 से 9 डिग्री के बीच बना रहने से ठंड का दौर जारी रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करने वाला कोई सिस्टम एक्टिव नहीं है,लेकिन पहाड़ों से आने वाली हवा की रफ्तार पर उत्तर भारत में छाए कोहरे ने ब्रैक लगा दिया है। जिससे जहां अब आने वाले तीन दिनों तक न्यूनतम पारा छह से नौ डिग्री के बीच रहेगा, लेकिन बर्फीली हवा का साथ नहीं मिलने के कारण ठिठ़ुरन भरी ठंड से राहत जरुर आने वाले दिनों में मिलती दिखाई देगी। लेकिन 21 दिसंबर के बाद एक बार फिर अंचल में मौसम करवट बदलेगा और दिन व रात कड़ाकेदार ठंड में अंचल जकडा दिखाई देगा। अंत में उपाध्याय ने बताया कि हवा का रुख भी आगामी दो दिनों में बदला नजर आएगा।