शिविर स्थल को स्वच्छ कर सिंगल यूज प्लास्टिक रूपी राक्षस का विनाश किया

Dec 17 2022

ग्वालियर 17 दिसम्बर। प्लास्टिक हमारी प्रकृति को एक भयावक राक्षस के रूप में नष्ट कर रही है जिसके लिये हमें जागरूक होना आवश्यक है। माधव महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना ईकाई द्वारा लगाया गये शिविर में स्वयं सेवकों ने सबसे पहले अपने शिविर स्थल के आस-पास की प्लास्टिक को एकत्रित कर नष्ट करने का कार्य किया जिससे शिविर स्थल तो साफ हुआ ही साथ ही साथ इस भयावक राक्षस सिंगल यूज प्लास्टिक को नष्ट करने का कार्य किया गया। यह बात डॉ. संजय कुमार पाण्डेय ने कही। माधव महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना ईकाई द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन सिंगल यूज प्लास्टिक का स्वच्छता के दृष्टि से नष्ट करने का कार्य किया गया। यह कार्य डॉ. संजय कुमार पाण्डेय एवं डॉ. विकास शुक्ला के मार्गदर्शन में किया गया।
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि भारत वर्ष में सिंगल यूज प्लास्टिक के विरूद्ध महाअभियान आजादी के 75 वें वर्ष अमृत महोत्सव में मनाया जा रहा है। आजाद भारत यदि मनुष्य की देन सिंगल यूज प्लास्टिक से भी आजादी प्राप्त कर लेता है तो इससे सुखद आजादी का महाउत्सव नहीं हो सकता यह सिंगल यूज प्लास्टिक मानव के साथ में जीव-जन्तु व पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचा रहा है। स्वच्छ भारत अभियान हमारे और आपके लिये लाभदायक है जिसके महत्व को समझना चाहिये।
डॉ. शुक्ला ने बताया कि प्लास्टिक का उपयोग हमारे मानव समाज के लिये नुकसान दायक है। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करके मानव उसको खाद्य पदार्थ सहित फेंक देता है। इस खाद्य पदार्थ के कारण जानवर प्लास्टिक को ही खा जाते हैं जो उनके जीवन के लिए काफी नुकसान दायक है। जानवरों के जीवन को बचाना भी मनुष्य का कर्तव्य है। इसलिए भारत सरकार के इस महाअभियान में हम भी सक्रियता से सहभागिता करें और दूसरे लोगों को भी सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग न करने के लिए प्रेरित करें।
इस कार्यक्रम में स्वयंसेवक शीतल नामदेव, सिया अग्रवाल, वर्षा अनिरूद्ध शर्मा, रितक घोरपड़े, विश्वजित, कृष्णा, कृतिक बत्रा, ज्योति किरार, आदि लोग उपस्थित थे।