डॉक्टर के बेटे ने खुद को गोली मारी घर की छत पर मिला शव

Dec 17 2022

ग्वालियर।आयुर्वेद डॉक्टर के बेटे ने गोली मार कर सुसाइड कर लिया। युवक ने घर की छत पर 315 बोर का कट्टा कनपटी से लगाया और ट्रिगर दबा दिया। आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे, तो बेटा लहूलुहान हालत में पड़ा था। वह गुजरात में मार्बल कंपनी में लेबर कॉन्ट्रैक्टर था। एक महीने पहले ही नौकरी छोडक़र आया था। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल घटना का कारण सामने नहीं आया है।
गिरवाई थाना पुलिस को शनिवार की दोपहर में सूचना मिली थी कि सिकंदर कंपू स्थित गोमती की फड़ी पर रहने वाले डॉ. यशपाल सिंह भदौरिया आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं। उनके बेटे कौशल भदौरिया (30) ने घर की छत पर गोली मार ली। सूचना पर पुलिस पहुंची। यहां तीन मंजिला घर की छत पर कौशल का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। पुलिस के मुताबिक कौशल के हाथ में देसी कट्टा था, जिसमें एक खाली राउंड लगा था। गोली कनपटी में लगी है, जिससे गहरा घाव हो गया है। पुलिस ने कट्टा जब्त कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
कौशल का चचेरा भाई जीएस भदौरिया आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो में  बतौर सब इंस्पेक्टर पदस्थ है। सभी लोग एक ही घर में रहते हैं। घटना का पता चलते ही वह भी पहुंच गया। पुलिस ने छत से लेकर कौशल के रूम तक की पड़ताल की है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
कौशल के घर के आस-पास लोगों ने बताया कि जिस घर में युवक ने सुसाइड किया है, वह विवादित है। उसके घर की दीवार पर भी लिखा हुआ है कि यह घर विवादित है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक कौशल एक महीने पहले तक गुजरात में किसी मार्बल कंपनी में बतौर लेबर कॉन्ट्रेक्टर काम करता था। एक महीने पहले नौकरी से इस्तीफा देकर वह ग्वालियर आ गया। हालांकि उसने नौकरी छोडऩे का कारण नहीं बताया था, पर कुछ दिन से लग रहा था कि वह कुछ उलझन में है। पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि कौशल का डेढ़ साल पहले ही विवाह हुआ था।
गिरवाई थाने के सब इंस्पेक्टर बट्टूलाल तिवारी का कहना है कि युवक ने जिस हथियार से सुसाइड किया है, वह बरामद कर लिया है। युवक ने किन कारणों के चलते सुसाइड किया है, फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।