महिला अफसरों की दीक्षांत परेड में दिखा जोश, प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ सम्मानित

Dec 15 2022

ग्वालियर। राष्ट्रीय कैडेट कोर अफसर प्रशिक्षण अकादमी ग्वालियर के ऐतिहासिक परिसर में महिला एनसीसी अधिकारियों ने शानदार दीक्षांत परेड के साथ मेजर जनरल यूएस सेनगुप्ता अपर महानिदेशक पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम के समक्ष गार्ड ऑफ ऑनर की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सेनगुप्ता ने प्रशिक्षार्थियों को पुरस्कृत कर रैंक प्रदान की गई।
इस बार परेड की भव्यता निराली रही। परेड में महिला एनसीसी अधिकारियों के अलावा विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी के दोनों विंग के केडेट्स एवं पूर्व एनसीसी के विद्यार्थी शामिल हुए। परेड में शामिल अधिकारी एवं विद्यार्थी आनुष्ठानिक साजसज्जा से अलग ही छटा बिखेर रहे थे। कोर्स में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को मेजन जनरल यूएस सेनगुप्ता ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने परेड को संबोधित करते हुए कहा कि आज आप लोग दक्ष हो गए हैं अब आपको कैडेट्स को मार्गदर्शन देकर उन्हें सक्षम बनाना हैं। 
कनिष्ठ स्कन्ध की मैरिट क्रम में प्रथम आने पर एनसीसी महानिदेशक का प्लेक ऑफ ऑनर एवं एनसीसी विषयों में सर्वश्रेष्ठ एएनओ होने के लिए शर्मा कप उत्तरप्रदेश निदेशालय की केयर टेकर ऑफिसर अदिति पांडे को प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ एएनओ के रूप में एनसीसी महानिदेशक ट्रॉफी पंजाब निदेशालय की केयर टेकर ऑफिसर प्रीति स्वामी को दी गई। स्पेशल विषयों में सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए कमांडेंट का स्वर्ण पदक दिल्ली निदेशालय की स्मिता पांडे को, परेड को कमान करने के लिए कमांडेंट का स्वर्ण पदक केयर टेकर ऑफिसर प्रीति चौधरी को प्रदान किया गया। 
अकादमी के गौरवशाली परिसर में 122 प्रशिक्षार्थियों 45 दिन तक प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें बेसिक सैन्य प्रशिक्षण के अलावा व्यक्तित्व विकास, उपदेशक कौशल, मैप रीडिंग, फायरिंग ड्रिल, एडवेंचर, खेल-कूद, कैंप प्रशिक्षण, योगा तथा एनसीसी विषयों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी ग्वालियर संपूर्ण देश में एकमात्र ऐसा संस्थान है जहां महिला अधिकारियों, सहायक एनसीसी अधिकारी तथा बालिका कैडेट्स अनुदेशक का प्रशिक्षण दिया जाता है।