इंडसइंड व एचडीएफसी बैंक में ठगी और चोरी करने वाला आरोपी दो लाख रूपये सहित पानीपत से गिरफ्तार किया

Dec 15 2022

ग्वालियर। सिटी सेंटर स्थित इंडसइंड बैंक में पैसा जमा कराने आये फरियादी के काउन्टर पर रखे पांच लाख रूपये में से डेढ़ लाख रूपये अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिये थे। जिस पर से थाना विश्वविद्यालय में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। इसी प्रकार थाना इन्दरगंज क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक के काउंटर पर रखे एक लाख रुपये चोरी कर लिये थे जिस पर से थाना इन्दगरंज में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। 
बैंक में हुई उक्त दोनों घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अमित सांघी द्वारा क्राईम ब्रांच व थाना विश्वविद्यालय पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर उक्त अज्ञात चोर की पतारसी कर बैंक से चोरी गये रूपयों को बरामद करने के निर्देश दिये गये। एसएसपी सांघी के निर्देश पर एएसपी मोती उर रहमान द्वारा क्राईम ब्रांच व थाना विश्वविद्यालय पुलिस टीम को मुखबिर तंत्र मामूर कर घटना में वांछित आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया।
क्राईम ब्रांच व थाना विश्वविद्यालय पुलिस की संयुक्त टीम को उक्त घटना के वांछित आरोपी की पतारसी हेतु लगाया गया। जांच में आये तकनीकी साक्ष्य के आधार पर ज्ञात हुआ कि उक्त घटना में वांछित आरोपी का दिल्ली के आसपास देखा है। जिस पर पुलिस की संयुक्त टीम को दिल्ली रवाना किया गया। दिल्ली में पुलिस टीम द्वारा आरोपी के संभावित छिपने के ठिकानों पर दबिश दी गई तो जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त आरोपी पानीपत हरियाणा का रहने वाला है। 
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के उक्त पते पर पहुंचकर दबिश दी तो एक घर के वाहर उक्त चोरी की घटना में वांछित आरोपी के हुलिया से मिलता जुलता हुआ एक सदिग्ध व्यक्ति दिखा, जिसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये संदिग्ध से पूछताछ करने पर उसके द्वारा 6 दिसंबर को इंडसइंड बैंक में पैसा जमा कराने आये फरियादी के काउन्टर पर रखे पांच लाख रूपये में से डेढ़ लाख रूपये चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी से विस्तृत पूछताछ करने पर उसके द्वारा ग्वालियर शहर के इन्दरगंज थाना क्षेत्रान्तर्गत एचडीएफसी बैंक से इसी प्रकार काउन्टर पर रखे हुए रूपयों में से एक लाख रूपये चोरी करने की घटना भी स्वीकार की। पकड़े गये आरोपी ने दिल्ली, हरियाणा एवं देश के अन्य राज्यों में चोरी व धोखाड़ी की घटनाएं कारित की हैं जिसके विरूद्ध दिल्ली, हरियाणा एवं देश के अन्य राज्यों में कई अपराध पंजीबद्ध हैं।
पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये आरोपी की निशादेही पर उसके घर से चोरी गये दो लाख रूपये बरामद किये और शेष रकम के बारे में पूछताछ करने पर उसने बताया कि शेष रकम होटल में रूकने और घूमने फिरने में खर्च हो गये।