मंत्री तोमर व महापौर ने सोनम को किया सम्मानित

Dec 14 2022

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सडक़ पर सीपीआर देकर बेहोश पड़े व्यक्ति की जान बचाने वाली सूबेदार सोनम पाराशर को गोला का मंदिर चौराहा पर शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। वहीं महापौर डॉ शोभा सिकरवार ने भी सोनम पाराशर को सम्मानित किया। इस अवसर पर तोमर ने कहा कि सूबेदार पाराशर ने जीवन रक्षा की जो मिसाल पेश की है इससे पुलिस का मान बढ़ा है।
तोमर ने गोला का मंदिर चौराहे पर ड्यूटी कर रही सोनम पाराशर को वहीं जाकर सम्मानित करते हुए कहा कि पुलिस कि मध्यप्रदेश पुलिस अपनी जिम्मेदारियों के साथ ही इस प्रकार के कार्य करते हुए लोगों में नई पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अच्छा कार्य करने वालों को लगातार सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ा रही है वहीं कार्य के प्रति लापरवाह अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री कार्रवाई भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में पुलिस ने जिस तरह से ड्यूटी निभाई वह भी अपने आप में मिसाल है। 
पुलिस के साथ महिलाओं का बढ़ाया मान
महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने तोमर से पहले सूबेदार सोनम पाराशर को शहरवासियों की ओर से सम्मानित करते हुए कहा हमें ऐसी बेटियों पर नाज है। उन्होंने कहा कि सोनम ने पुलिस के साथ ही महिलाओं का मान भी बढ़ाया है। इस अवसर पर विधायक डॉ.सतीश सिंह सिकरवार, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ देवेन्द्र शर्मा, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।