सोते में पति पर कट्टा अड़ाकर दो बदमाशों ने पत्नि से लूटे ले गए गहने

Dec 14 2022

ग्वालियर। थाटीपुर सिद्धेश्वर नगर में आधी रात दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने एक प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका के पति पर कट्टा अड़ाकर उसके गहने लूट लिए हैं। इसके बाद बदमाश धमकाते हुए कमरे में बंद कर भाग गए। बदमाशों के भागने के बाद किसी तरह दंपति बाहर आया और पुलिस को सूचना दी। 
घटना बुधवार तडक़े करीब तीन से चार बजे की है। इस दौरान 7 मिनट तक बदमाश घर में रहे थे। वो सात मिनट दहशत से भरे थे। पुलिस ने इस मामले में धमकाकर वसूली का मामला दर्ज किया है। पर घटना से साफ है कि लुटेरों के मंसूबे क्या थे। दंपति जरा भी विरोध करते तो वह हत्या करने से भी नहीं चूकते। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
 थाटीपुर स्थित सिद्धेश्वर नगर निवासी 31 वर्षीय कीर्ति पत्नी संदीप शर्मा एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके पति प्राइवेट जॉब करते हंै। गत रात खाना खाने के बाद वह सो रहे थे। बुधवार तडक़े करीब तीन से चार बजे के बीच कीर्ति की आंख खुली तो उसने देखा कि दो बदमाश उनके पति को कंबल में बंद कर उन पर कट्टा ताने बिस्तर पर बैठे थे। वह कुछ समझ पाती उससे पहले ही बदमाशों ने धमकी दी कि अगर मुंह से आवाज निकाली तो गोली मार देंगे। बदमाशों की धमकी से शिक्षिका डर गई। उसे लगा कि वह कुछ भी विरोध करेगी तो बदमाशा उसके पति को गोली मार सकते हैं। इसलिए वह चुप रही।
बदमाशों ने दंपति को काबू में करने के बाद धमकी दी कि जो भी जेवर व अन्य माल है वह उतार कर दे दो नहीं तो गोली मार देंगे। धमकी से घबराई कीर्ति ने सोने का मंगल सूत्र, अंगूठी और कानों के टॉप्स उतारकर दे दिए। इसके बाद बदमाशों ने धमकी दी और कमरे के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर भाग गए। बदमाशों के भागने के बाद पीडि़त दंपति से किसी तरह कुंडी खोली और बाहर आकर राहत की सांस ली। साथ ही पुलिस को मामले की सूचना दी।
आधी रात बदमाशों के शिकार हुए दंपति ने पुलिस अफसरों को बताया कि दोनों बदमाशों की उम्र करीब 20 से 25 साल के बीच रही होगी। उन्होंने चेहरे पर नकाब लगाया हुआ था। कमरे में अंधेरा होने के कारण उन्होंने क्या कपड़े पहने थे वह देख नहीं पाए। बदमाश करीब 7 मिनट तक घर में ठहरे थे। पर यह सात मिनट शर्मा परिवार के लिए दहशत भरे थे। यदि वह कुछ भी विरोध करते तो बदमाश गोली मार देते।
वारदात के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। बदमाशों का पता लगाने के लिए पुलिस ने घटना स्थल के आसपास और वहां से आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। साथ ही पीडि़त परिवार के बताए हुलिया के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।
इस मामले में थाटीपुर थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत का कहना है कि पीडि़त दंपति की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा। बदमाशों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज निकलवाए जा रहे हैं।