कलेक्टर के खिलाफ थाने में रिपोर्ट कराने पहुची आप नेत्री रुचि राय थाने से बैरंग लौटी

Dec 10 2022

ग्वालियर। मॉल में फिल्म देखने के दौरान सीट के विवाद को लेकर कलेक्टर के खिलाफ पड़ाव थाने में रिपोर्ट करवाने के लिए पहुंची आम आदमी पार्टी का थाने में कोई पैंतरा काम नहीं आया। वे थाने में जमकर बोलीं तो पुलिस स्टॉफ शालीनता से उनकी बात सुनता रहा। उन्होंने धरना दिया तो पुलिस ने कहा कि यह आपकी मर्जी कि आप कब तक थाने में बैठी रहना चाहती हैं। 
वे थाने में रिपोर्ट लिखवाना चाहती थीं तो पुलिस ने कहा कि आप यह तो बताइए कि आखिर आपके साथ थियेटर में बदसलूकी कैसे हुई है। जब तीनों फ्रंट पर उनकी दाल नही गली तो आप नेत्री रुचि राय गुप्ता ने थाने से जाना ही बेहतर समझा। पुलिस वालों ने इस मामले में आवेदन ले लिया है। पुलिस वालों ने साथ ही यह भी कहा कि हम तो पहले ही कह रहे थे आप आवेदन दीजिए। जांच करेंगे।
इस मामले में आधी रात को थाने में अपना शिकायती आवेदन देने वाली रुचि राय गुप्ता ने कहा कि उनके साथ कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बदसलूकी की है। यह सब उनके साथ तब हुआ जब वे डीबी मॉल में फिल्म देखने के लिए गईं थीं। हालांकि इस एपीसोड के तुरंत बाद कलेक्टर थियेटर से निकल गए पर रुचि राय गुप्ता पड़ाव थाने पहुंच गईं।
इस मामले में जब अफसरों से बात की गई तो पुलिस अफसरों ने कहा कि रुचि राय गुप्ता आवेदन दे गई हैं। लेकिन जो घटनाक्रम सामने आया है उसके मुताबिक रुचि राय गुप्ता के साथ बदसलूकी जैसा कुछ नहीं हुआ। सीट को लेकर विवाद था पर इसके लिए कलेक्टर ने रुचि राय से कुछ नहीं कहा। जो भी बात हुई वह थियेटर प्रबंधन से हुई थी। अब इसे रुचि राय गुप्ता उनके साथ हुई बदसलूकी कैसे मान रही हैं, इसका जवाब वे ही बेहतर दे सकती हैं।