गुजरात की ऐतिहासिक जीत को मध्यप्रदेश में दोहराना है-शिवप्रकाश

Dec 09 2022

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में हमें गुजरात की ऐतिहासिक जीत को दोहराना है। यह तभी संभव है जब प्रत्येक कार्यकर्ता इसके लिए अभी से जुटेगा। मध्यप्रदेश में जब भाजपा ने सत्ता संभाली थी तब यहां न सडक़ें थीं और न बिजली का पता था, भाजपा ने बिजली में प्रदेश को सरप्लस बना दिया है और युवाओं को रोजगार देने के मामले में भी कोई कसर नहीं छोड़ी है। विकास के मामले में प्रदेश ने कई आयाम स्थापित किए हैं। हमें इन कार्यों को लोगों तक पहुंचाना है।
यहां मुरार सर्किट हाउस में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने ग्वालियर-चंबल संभाग के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक में यह बात कही। इस अवसर प्रदेश प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। गुजरात चुनाव में मिली ऐतिहासिक सफलता का असर आज की बैठक में भी नजर आया। बैठक में गुजरात की जीत छायी रही।
शिवप्रकाश ने कहा कि जिस प्रकार गुजरात में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आंधी चलाई है वैसी ही आंधी यहां भी चलानी है। एक-एक कार्यकर्ता को एक-एक वोट के लिए मेहनत करनी होगी। बैठक में जिलाध्यक्ष अभय चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि गुजरात में भाजपा की जो आंधी आई है वहीं आंधी मध्यप्रदेश में आएगी। हमें नया इतिहास रचने के लिए अब पूरी ताकत लगानी है। प्रदेश में तेज गति से विकास हो रहा है। 
इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री ने कहा कि संगठन के विस्तार के साथ ही अगले विधानसभा चुनाव के लिए हमें बूथ मैनेजमेंट मजबूत करना होगा। सारी लड़ाई बूथ की है। किस बूथ पर कितने मतदाता है और उनका कहां झुकाव है यह देखकर ही हमें इस पर कार्य करना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को अंतराष्ट्रीय मंच पर जो स्थान दिलाया है वह प्रत्येक व्यक्ति जानता है। आज विश्व के कई देश आर्थिक संकट में हैं लेकिन मोदी के नेतृत्व में सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की है।
पहले ग्वालियर-चंबल संभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसके बाद ग्वालियर एवं चंबल संभाग के जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारियों के साथ बैठक हुई। तीसरी बैठक ग्वालियर-चंबल संभाग के निगम, मंडल,बोर्ड के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों के साथ बैठक हुई।