11 वीं कक्षा के छात्र ने गोली मारकर जान दी

Dec 07 2022

ग्वालियर। 11 वीं कक्षा के छात्र ने अपने कमरे में खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में बुधवार सुबह दस बजे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। फिलहाल पता नहीं चला है कि किस कारण के चलते उसने गोली मार कर जान दी है। 
गोला का मंदिर स्थित आदर्श नगर निवासी 11 वीं कक्षा के छात्र राज गुर्जर पुत्र धर्मवीर गुर्जर बुधवार सुबह अपने कमरे में पहुंचा और पिता की लायसेंसी रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन कमरे में पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। खिडक़ी से झांककर देखा तो पता चला कि छात्र की मौत हो चुकी है, मामले का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस एफएसएल टीम का इंतजार कर रही है, खबर लिखे जाने तक कमरा नहीं खोला गया है। 
पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की, लेकिन वह छात्र द्वारा आत्महत्या करने के कारण को नहीं बता सके है। अब पुलिस कमरा खुलने के बाद छात्र का मोबाइल तथा सुसाइड नोट तलाशेगी, जिससे पता चल सके कि किन कारण के चलते उसने जान दी है। 
थाना प्रभारी गोला का मंदिर धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि एक छात्र ने पिता की लायसेंसी रायफल से खुद को गोली मारकर जान दी है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पता नहीं चला है कि किस कारण के चलते उसने आत्महत्या की है।