अपर आयुक्त ने सुनी आमजन की समस्यायें, दिए निराकरण के निर्देश

Dec 06 2022

ग्वालियर। आमजनों की विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जनसुनवाई के तहत आज नगर निगम ग्वालियर में अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव एवं अपर आयुक्त मुकुल गुप्ता ने आमजनों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई के दौरान उपायुक्त डॉ प्रदीप श्रीवास्तव, सुश्री मिनी अग्रवाल, शशिकपूर गढपाले सहित अन्य संबंधित विभाग अधिकारी उपस्थित रहे।
सिटीसेंटर स्थित निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं राजीव आवास योजना अंतर्गत मलिन बस्ती तथा गैर मलिन बस्ती के आवासों की राशि जमा करने की तिथी बढाने के लिए अनेक हितग्राहियों द्वारा आवेदन दिया गया। जिसको लेकर संबंधित अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा कर्मचारी अधिकारी कल्याण परिषद के पत्र पर नगर निगम में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के साथ ही समय पर वेतन भुगतान एवं ईपीएफ का पैसा जमा कराने लिए मांग पत्र दिया। जिसको लेकर संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जनसुनवाई में पेयजल, अतिक्रमण, सफाई, विद्युत, आवास, सीवर सफाई आदि से संबंधित 26 से अधिक आवेेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश निगमायुक्त ने दिए।