आमजनों की समस्याओं का त्वरित करें निराकरण: महापौर

Dec 01 2022

ग्वालियर। सडक़, बिजली, पानी, सीवर जैसी समस्याओं का निराकरण समय सीमा में किया जाये। लोक मंत्रणा में आईं आमजनों की शिकायतों का संबंधित अधिकारी त्वरित निराकरण करें। साथ ही आमजनों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं को मुहैया कराने में सहयोग प्रदान करें। यह बात गुरूवार निगम मुयालय में महापौर लोक मंत्रणा कार्यक्रम में आमजनों की शिकायतों का निराकरण करते हुये महापौर शोभा सतीश सिकरवार ने कही। इस मौके पर लश्कर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि कृष्णाराव दीक्षित, पार्षद अवधेश कौरव सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। 
आपको बतादें कि महापौर डा. शोभा सिकरवार जनता की समस्याओं से रूबरू होकर उनका निराकरण समय सीमा में करने के उद्देश्य से माह के प्रथम एवं तीसरे गुरुवार को दोपहर 12 से दो बजे तक निगम मुयालय पर लोक मंत्रणा करेंगी। इस कार्यक्रम के तहत निगम के विभागीय अधिकारियों के साथ बैठकर आमजनों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका मौके पर निराकरण भी कराया जाएगा।
जिन समस्याओं का मौके पर निराकरण संभव नहीं होगा, उसके लिए एक निश्चित समय सीमा निर्धारित कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। शिकायतों के निराकरण के पश्चात संबंधित आवेदक को निराकरण के संबंध में जानकारी भी दी जाएगी।
इस कार्यक्रम के तहत आमजन महापौर को शहर विकास के लिये अपने आवश्यक सुझाव भी दे सकेंगे। महापौर डा. शोभा सिकरवार ने बताया कि शहर के निवासियों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम एवं भ्रमण के दौरान अपनी-अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया जाता है, जिनका निराकरण कार्यक्रमों एवं भ्रमण के दौरान करना संभव नहीं हो पाता है। इसी उद्देश्य से महापौर लोक मंत्रणा कार्यक्रम आज से गुरुवार को प्रारंभ किया। 
इससे जहां लोगों की समस्याओं का निराकरण होगा, वहीं आमजनों को अपनी समस्याओं को बताने का एक मंच भी उपलध होगा। निगम के अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जो भी समस्यायें आएंगी, उनको न केवल पंजीबद्ध किया जाएगा बल्कि उनका निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित भी किया जाएगा तथा की गई कार्यवाही से आवेदक को सूचित करने की कार्यवाही भी की जाएगी।