फ्री पेट्रोल नहीं देने पर कर्मचारी धुने, चाकू मारा

Nov 30 2022

ग्वालियर। फ्री में पेट्रोल नहीं डालने पर तीन बदमाशों ने पंप कर्मचारियों को जमकर धुन डाला। घटना कंपू थाना क्षेत्र के सैकेंड बटालियन पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 
कंपू थाना क्षेत्र निवासी आर्मी बजरिया निवासी मिलटन सिंह तोमर पुत्र फतेह सिंह तोमर पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप कंपू पर पंप अटेण्डर के पद पर पदस्थ है। वह अपनी ड्यूटी पर तैनात था कि तभी संजय नगर निवासी सूरज जाटव अपनी एक्टिवा से पहुंचा और पांच लीटर पेट्रोल भरवाया। जब पैसे मांगे तो उसने पैसे देने से मना कर दिया और कहा कि उसकी गाड़ी में फ्री में पेट्रोल डालना पड़ेगा। जब कर्मचारियों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो उसने अपने साथी अरूण व राहुल को भी बुला लिया और उन्होंने मारपीट करना शुरू कर दी। मारपीट का शिकार कर्मचारी उनसे बचकर केबिन में पहुंचा तो उन्होंने वहां पर मारपीट करते हुए बाहर खींच कर लाए और चाकू पेट में मारने का प्रयास किया, जिसे मिलटन ने हाथ से रोका तो उसका हाथ कट गया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग निकले। 
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी, लेकिन वह अपने घर से फरार हो गए थे। सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि एक आरोपी अपने घर आया है और पुलिस ने उसे दबोच लिया और उससे पूछताछ के बाद वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को दबोच लिया है।