गांधी प्राणी उद्यान में बब्बर शेर के बच्चों को देख खिले चेहरे

Nov 30 2022

ग्वालियर। गांधी प्राणी उद्यान में एक माह पूर्व जन्मे बब्बर शेरनी के तीन शावकों को बुधवार को विशेष निगरानी से बाहर निकाला गया। इस दौरान निगमायुक्त किशोर कान्याल उपस्थि थे। इस दौरान यहां पहुंचे सैलानियों ने जब उनकी पहली झलक देखी तो सभी के चेहरे खिल गए।
गांधी प्राणी उद्यान में जन्में इन तीनों शावकों को विशेष निगरानी में रखा गया था। इन पर डॉब्टरों की टीम लगातार नजर रखे हुए थी। 2012 में बिलासपुर के जू से बब्बर शेरनी को ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान में लाया गया था। इस बब्बर शेरनी का नाम परी रखा गया था।
परी ने इससे पहले दो शावकों को जन्म दिया था। नर शेर जय और मादा बब्बर शेर परी का यह जोड़ा चिडिय़ा घर में सभी के आकर्षण का केन्द्र रहा है। परी द्वारा तीन शावकों को जन्म देने के बाद जू प्रबंधन द्वारा उसका विशेष ख्याल रखा जा रहा था। उसके खाने के मीनू में भी बदलाव किया गया था। इन शावकों को आइसोलेशन में रखा गया था। बुधवार को उन्हें बाड़े से बाहर छोड़ा गया। इस दौरान निगमायुक्त के अलावा निगम अधिकारी और जू के कर्मचारी तथा काफी संख्या में सैलानी भी उपस्थित थे।
शावकों दो नर व एक मादा
मादा बब्बर शेर द्वारा शावकों को जन्म दिए जाने के बाद बुधवार को  ही यह घोषणा भी कि गई कि इन शावकों में दो नर व एक मादा शावक हैं।
बच्चों से कराया जाएगा नामकरण
इन तीनों शावकों के नामकरण के लिए नगर निगम द्वारा स्कूली बच्चों से नाम लिए जाएंगे। इसके लिए मेल आईडी पर यह नाम बच्चों से लिए जाएंगे। बच्चों द्वारा दिए गए नामों में से तीन नामों का चयन कर इन शावकों का नामकरण किया जाएगा।