हाइवे पर तीन बाइक सवार बदमाश कट्टे की नोक पर दंपत्ति से जेवर नगदी लूटकर फरार

Nov 27 2022

ग्वालियर। भागवत कथा के लिए मायके में निमंत्रण देकर घर वापस जा रहे दंपति पर कट्टा अड़ाकर बाइक सवार तीन लुटेरे 19 हजार रुपए नगदी व सवा दो तोला वजनी सोने के जेवर लूट ले गए। घटना घाटीगांव थाना क्षेत्र के सिमरिया मोड़ पर की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुृंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी कराई। लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस ने पीडि़त दंपति की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
ग्वालियर के गोला का मंदिर स्थित नारायण विहार निवासी गांधी प्रसाद शर्मा पुत्र द्वारिका प्रसाद शर्मा ऑटो संचालक है और खुद भी ऑटो चलाते हैं। वह पत्नी रेखा और बुआ कस्तुरी के साथ घाटीगांव स्थित ससुराल में निमंत्रण देने गए थे। क्योंकि कुछ दिन बाद उन्हें भागवत करनी है और भागवत की डलिया रखनी थी। डलिया रखने के बाद वह ऑटो से वापस जा रहे थे और अभी वह सिमरिया मोड़ पर पहुंचे थे कि तभी एक काले रंग की बगैर नंबर की बाइक जिस पर तीन युवक सवार थे उन्हें ओवर टेक कर आगे आए और कुछ दूरी पर उन्होंने बाइक को सडक़ पर रोक दिया। अचानक सामने बाइक खड़ी देखकर गांधी को भी ऑटो रोकना पड़ा और तभी पीछे बैठा युवक उनके पास आया और उन पर कट्टा तान दिया।
इसके बाद बाइक पर बैठा दूसरा युवक उनके पास आया और उनका पर्स जिसमें 6400 रुपए छीन लिए। इसके बाद उनकी पत्नी के पास पहुंचा और उसकी सोने की एक तोला वजनी चेन व कानों के बाले सहित दस हजार रुपए छीने और इसके बाद उनकी बुआ के गले से सोने का मंगलसूत्र व 2600 रुपए छीन ले गए।
वारदात के शिकार पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस से की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद बदमाशों की तलाश में जिले भर में नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से ही पुलिस की दो टीमें लुटेरों की तलाश में उतर गई हैं और हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ ही जंगल में सर्चिंग कर लुटेरों की तलाश में जुट गई है।
पीडि़त ने पुलिस अफसरों को बताया कि तीनों लुटेरे 25 से 30 साल के बीच थे और बाइक चला रहे लुटेरे ने सफेद शर्ट और सफेद साफी बांधी हुई थी और दूसरे लुटेरे ने हरे रंग की धारीदार जैकेट पहनी थी और जो बदमाश कट्टा लिए था उसने काली टोपी वाली जैकेट पहनी हुई थी।