क्राइम ब्रांच व मुरार थाना पुलिस ने दो चोर पकड़े, दो लाख का माल बरामद

Nov 25 2022

ग्वालियर। क्राइम ब्रांच व मुरार थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो शातिर चोरों को पकडा है। पकड़े गए चोरों से पुलिस ने पूछताछ के बाद आधा दर्जन चोरियों का खुलासा कर दो लाख रुपए कीमत के सोने व चांदी के जेवर बरामद किए हैं। चोरों ने खुलासा किया है कि वह महंगे कपड़े, आलीशान होटल में खाना खाने के लिए चोरी करते हैं। पुलिस पकड़े गए चोरों से पूछताछ करने में जुटी हुई है। पुलिस अफसरों का मानना है कि इनसे पूछताछ के बाद कुछ अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है।
एएसपी क्राइम ब्रांच राजेश डंडोतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा एक चोर गिरोह मुरार थाना क्षेत्र के गुलाबपुरी में देखा गया है। इसका पता चलते ही टीआई क्राइम दामोदर गुप्ता, मुरार टीआई शैलेन्द्र भार्गव को चोरों को पकडऩे के निर्देश दिए। जिस पर क्राइम ब्रांच व मुरार थाना पुलिस की टीमें बनाकर चोर को पकडऩे पहुंचाया, तो पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगा। पीछा कर पुलिस ने एक को दबोचा लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम करूआ उर्फ मोहन जाटव बताया। पहले तो वह पुलिस को बरगलाता रहा। सख्ती करने पर अपने साथी बंटू जाटव के साथ मिलकर 6 वारदातें कबूल कर लीं। पुलिस ने दूसरे चोर बंटू को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ के बाद पकड़े गए आरोपियों ने तीन मुरार, दो गोला का मंदिर और एक थाटीपुर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनसे पूछताछ के बाद दो लाख रुपए कीमत के सोने चांदी के जेवरात बरामद किए है।
पकड़े गए चोरों का कहना है कि वह चोरी करने के बाद कपड़ों के शोरूम में जाते थे। चोरी के पैसों से महंगे व ब्रांडेड कपड़े खरीदते थे। इसके बाद वह किसी अच्छे रेस्टोरेंट या होटल में जाकर लजीज खाना खाते थे। शाम को दारू पार्टी भी करते थे।