ट्रक सहित 3 लाख का गांजा सप्लाई करते तीन तस्कर पकडे

Nov 24 2022

ग्वालियर। प्रदेश में चल रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत ग्वालियर पुलिस अवैध शराब व अवैध मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त करने वालों के विरुद्ध लगात तीन तस्कर को गिरफ्तार कर तीन लाख बीस हजार रुपये का गांजा जब्त किया है, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ट्रक भी जब्त किया है। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए तस्करों के नारकोटिक्स अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
ग्वालियर एसएसपी अमित सांघी को मुखबिर से सूचना मिली कि तस्कर एक ट्रक में झांसी की तरफ से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के बाद एसपी ने एडिशनल एसपी क्राइम राजेश दंडोतिया को कार्यवाही के निर्देश दिये। निर्देश मिलने के बाद एडिशनल एसपी दंडोतिया ने एडिशनल एसपी देहात जयराज कुबेर से समन्वय स्थापित कर क्राइम ब्रांच व बिलौआ थाने की पुलिस की संयुक्त टीम को गांजा तस्कर को पकडने के लिए भेजा।
क्राइम ब्रांच व थाना बिलौआ पुलिस की संयुक्त टीम को जौरासी घाटी, पुलिस चौकी पर भेजा गया। चैकिंग के दौरान पुलिस टीम को डबरा की तरफ से एक क्षतिग्रस्त ट्रक क्रमांक आरजे-11-जीए-6031 आता दिखा, जिसे पुलिस टीम ने चैकिंग के लिये रोकने का इशारा किया गया तो ट्रक चालक व दो अन्य व्यक्ति कूदकर भागने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर ही पकड लिया। पूछताछ करने पर ट्रक चालक ने अपना नाम मुनेश सिकरवार पुत्र राजवीर सिंह निवासी ग्राम अऐला थाना सैंया, आगरा उत्तरप्रदेश तथा दो अन्य तस्कर 22 वर्षीय लवकुश शर्मा पुत्र विजेंद्र शर्मा निवासी ग्राम भवांरी जिला धौलपुर राजस्थान,32 वर्षीय जितेंद्र पुत्र रमेश सिंह जादौन निवासी सिरोना धौलपुर राजस्थान के रहने वाला बताए जा रहे हैं।
ट्रक की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पीछे वाली सीट के नीचे एक प्लास्टिक की बोरी रखी मिली जिसे चैक करने पर उसमें गांजा भरा हुआ मिला। गांजे की तौल कराने पर 20 किलो 300 ग्राम था। जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई। थाना बिलौआ पुलिस ने गांजा व ट्रक को जब्त कर गांजा तस्करों के विरुद्ध नारकोटिक्स अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से गांजे के संबंध में पूछताछ कर रही है।