मतदाता जागरूकता के लिये बनाई मानव श्रृंखला महाराज बाडे पर

Nov 24 2022

ग्वालियर। जिला निर्वाचन ग्वालियर द्वारा मतदाता जागरूकता के लिये जनजागरूकता हेतु 2 माह का विभिन्न विधाओं द्वारा आयोजन किया जा रहा है। जिसमें नुक्कड नाटक, रैली, मानव श्रृंखला, सायकल रैली आदि विधाओं द्वारा आम जनता को जागरूक करने के लिये विभिन्न संस्थाओं को इन आयोजन करने की जिम्मेदारी दी है। माधव महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा गुरुवार 24 नवम्बर को मानव श्रृंखला महाराज बाडे पर बनाई गई। यह मानव श्रृंखला डॉ. संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में बनाई गई।
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि मतदान राष्ट्रीय पर्व है जिसे हम सब लोगों को पर्व की तरह मनाना चाहिये। मतदान के दिन हम लोग उत्साह के साथ मतदान केन्द्रों पर जाकर मत का प्रयोग करें। एनएसएस द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम किया जाता रहा है क्योंकि आमजन को जागरूक करना भी आवश्यक है। अपने अमूल्य मत का उपयोग हम सोच-समझकर आवश्यक रूप से करें क्योंकि मतदान हमारा प्रथम अधिकार है। जिसे हम सबको मिलकर कर्तव्यनिष्ठा के साथ करना चाहिये क्योंकि जिन जन प्रतिनिधियों को चुनकर भेज रहे हैं वह हमारे देश के विकास में अहम योगदान दे सके। 
जिला प्रशासन इन चुनावों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिये सेंस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। जिसके अन्तर्गत विभिन्न प्रकार की प्रतियोगितायें एवं मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम महाविद्यालय के छात्र/छात्राओं द्वारा किया जाना है। परीक्षा के साथ-साथ इन जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन करने में स्वयंसेवक एनएसएस उत्साह दिखा रहे हैं। मतदान करने के साथ-साथ हम अपने मत का सही उपयोग करें इस बात का हमें ध्यान रखना चाहिये।मानव श्रृंखला में अनिरूद्ध शर्मा, अंकुश अरोरा, रितिक घोरपडे, शिवम गौडयाले, वर्षा, निधि आदि लोग उपस्थित थे।