पार्षद को दोस्त ने बर्थडे पार्टी में बुलाकर पीट-पीटकर मार डाला, एक आरोपी गिरफ्तार

Nov 24 2022

ग्वालियर। एक पार्षद को उसके दोस्त ने पीट-पीटकर मारा डाला। पार्षद एनिवर्सरी केक खरीदने बाजार गया था। घर लौटा तो दोस्त ने पार्षद को जन्मदिन पार्टी में बुलाया और फिर साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
घटना मुरार थाना इलाके के वंशीपुरा चौराहे की है। गत देर रात पुलिस को सूचना मिली। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची हमलावर भाग चुके थे। गुरुवार की सुबह घटना से नाराज पार्षद के परिजन और समर्थकों ने बारादरी चौराहा पर चक्काजाम कर पुलिस थाना घेर लिया। पुलिस ने 5 आरोपियों में से 1 को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी के चार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मुरार में रहने वाली राधा कुशवाह ने बताया कि गत 23 नवंबर बुधवार को एनिवर्सरी थी। पति शैलू उर्फ शैलेंद्र कुशवाह (40) वार्ड नंबर 3 से पार्षद थे। बुधवार शाम 6 बजे पति घर आए। बच्चों ने शादी की सालगिरह के लिए केक और मिठाई लाने की जिद पति से की। इस पर वे केक और खाने-पीने का सामान लेने बाजार चले गए। रात 10 बजे घर लौटे और एनिवर्सरी केक और सामान लेकर आ गए। इसके कुछ समय बाद राज उर्फ राजेश शर्मा, भूरा उर्फ सर्वेश तोमर, विक्की कौशल, विनीत राजावत और धीरज पाल आए। पति को साथ लेकर चले गए।
पार्षद शैलू कुशवाह की हत्या की सूचना मिलने पर परिजन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुरार पुलिस थाना का घेराव किया। वहीं, पार्षद समर्थकों ने शहर के व्यस्ततम बारादरी चौराहा पर चक्काजाम कर दिया।
पार्षद के दोस्त विक्की का बुधवार को जन्मदिन था। उसने देर रात बर्थडे पार्टी रखी थी। पार्षद की पत्नी राधा के मुताबिक, आरोपी पति को साथ लेकर चले गए, इसके ढाई घंटे बाद पति पर जानलेवा हमले की सूचना मिली। पति के साथ सुबह से ही आरोपी राजेश शर्मा साथ में था। पति की एक दिन पहले ही भूरा तोमर से लडाई हुई थी। तब भूरा को मैंने भी समझाया था। लेकिन, उसे समझ नहीं आया। यूं तो भूरा से करीब दो - तीन महीने पहले से लडाई चल रही थी। यह झगडा ढाबे पर खा-पीकर हंगामा करने के कारण हुआ था। दो दिन पहले ही भूरा ने दोबारा बातचीत शुरू की थी। पति ने भी अपनी तरफ से बातचीत शुरू की थी।
राधा कुशवाह ने बताया कि गत रात 11.30 बजे पति शैलू कुशवाह से बात हुई। तब तक सबकुछ सामान्य था। एनिवर्सरी केक काटने के लिए बुलाने पर पति ने कहा था- थोडी देर में आ रहा हूं। पति अक्सर रात 12 बजे के बाद ही घर आते थे।
पुलिस को दिए शिकायती आवेदन में परिजन ने बताया कि रात 12.30 बजे हमें जानकारी मिली कि पार्षद को वंशीपुरा चौराहे पर राज उर्फ राजेश शर्मा, भूरा उर्फ सर्वेश तोमर, विक्की कौशल, विनीत राजावत और धीरज पाल लाठी और सरियों से मार रहे हैं।
राधा ने बताया कि वह, सास लक्ष्मी कुशवाह, ससुर रामबाबू कुशवाह, चाचा नरेश कुशवाह और देवर रामू कुशवाह को लेकर वंशीपुरा चौराहा पहुंची। वहां पांचों हमलावर पति को पीट रहे थे। हम सभी को आता देखकर सभी भाग गए। पति शैलेंद्र कुशवाह को घायल हालत में लेकर जिला अस्पताल मुरार पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच कर जयारोग्य हॉस्पिटल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान रात ढाई बजे शैलू उर्फ शैलेंद्र कुशवाह की मौत हो गई।
पार्षद शैलू कुशवाहा की हत्या की सूचना मिलने पर परिजन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुरार पुलिस थाना का घेराव किया। वहीं, पार्षद समर्थकों ने शहर के व्यस्ततम बारादरी चौराहा पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पुलिस के अफसर पहुंचे और परिजनों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया।