अब डबरा में व्यापारी से दिनदहाड़े तमंचा दिखाकर 35 लाख की लूट

Nov 22 2022

ग्वालियर। डबरा कस्बे में मंगलवार सुबह बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने तमंचा चदिखाकर 35 लाख रुपए की लूट कर ली है। व्यापारी बैंक से पैसे निकालकर अपने साथी के साथ जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीसीटीवी में लुटेरे आ गए हैं। पुलिस ने डबरा कस्बे सहित आसपास हाईवे पर नाकाबंदी कर दी है। दिनदहाड़े लूट की घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया है। मौके पर सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए।
खासबात यह है कि गत रोज ग्वालियर शहर में 1 करोड 20 लाख की लूट हुई थी। हालांकि पुलिस ने 6 घंटे में आरोपितों को दबोच लिया और लूटी गई पूरी रकम को बरामद कर लिया था। अब दूसरे दिन डबरा कस्बे में लूट की वारदात हो गई।
डबरा थाना क्षेत्र के तहत व्यापारी राम बजाज ने एचडीएफसी बैंक से 35 लाख रुपए निकाले और अपने साथी के साथ बाइक से जा रहे थे। जब वे ठाकुर बाबा रोड पर विनोद जैन आढतिया के सामने पहुंचे थे कि बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए और राम बजाज की बाइक को रोक कर कट्टा तान दिया। 
कट्टे अड़ाकर दोनों बाइक सवारों ने नोटो से भरा बैग व्यापारी से छीना और फरार हो गए। जब तक व्यापारी शोर मचाते तब तक आरोपी मौके से भागने में सफल हो गए। हालांकि शोर सुनकर आसपास लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही डबरा कस्बे सहित हाइवे पर नाका बंदी कर दी। लेकिन लुटेरों का पता नहीं लगा।
जिस जगह पर लूट की वारदात हुई थी, पुलिस ने उस जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो एक जगह पर लुटेरे नजर आ गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है। 
व्यापारी कर सकते हैं आंदोलन
व्यापारी से हुई लूट के बाद व्यापारी कानून व्यवस्था को लेकर आंदोलन करने की योजना बना रहे हैं। इसकी वजह यह है कि डबरा कस्बे में लगातार लूट व अन्य आपराधिक वारदात बढ़ती जा रही हैं। जिससे व्यापारी वर्ग खतरा महसूस कर रहा है।