छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम के प्रति किया जागरुक

Nov 18 2022

ग्वालियर। एसएसपी अमित सांघी के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा जिले में नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्वालियर पुलिस द्वारा जिले के सार्वजनिक स्थानों, स्कूल कॉलेज तथा शैक्षणिक संस्थानों पर जाकर आमजन एवं छात्र-छात्राओं को नशे की लत से दूर रहने के लिये जागरूक किया जा रहा है।
 इसी अभियान के तहत एएसपी क्राइम राजेश डण्डोतिया द्वारा ग्वालियर शहर के लिटिल एंजल स्कूल एवं आर्यन स्कूल मुरार में अध्ययनरत छात्रछात्राओं को साइबर क्राइम, कैरियर मोटिवेशनल संबंधी व्यायान तथा नशे के दुष्प्रभावों से बचाव के संबंध में जानकारी भी दी गई। लिटिल एंजल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
जागरूकता अभियान के अन्तर्गत ग्वालियर शहर के दो स्कूलों लिटिल एंजल एवं आर्यन स्कूल मुरार में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को एएसपी क्राइम राजेश डण्डोतिया द्वारा वर्तमान समय में होने वाले साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के संबंध में भी जानकारी दी गई और ऑनलाइन फ्राड से कैसे बचा जाए इसके संबंध में भी छात्र-छात्राओं को विस्तृत जानकारी दी गई। 
इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान समय में पुलिस के समक्ष आने वाली सायबर क्राईम संबंधी शिकायतों को भी साझा किया। उनके द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को ऑनलाईन फ्रॉड से बचाव के तरीकों से भी अवगत कराया गया। उन्होने अपने व्यायान के दौरान कहा कि वर्तमान आधुनिक समय में हम सभी स्मार्ट फोन का उपयोग करते है तथा सभी प्रकार के पेमेंट एवं ऑनलाइन ट्रांजेशन भी हम अपने स्मार्ट फोन के जरिये ही करते है। यह स्मार्ट फोन आपकी सुविधा के लिये बनाया गया है इसलिये इसका इस्तेमाल सावधानीपूर्वक और सतर्कता से करें, इस प्रकार आप खुद के साइबर अपराध का शिकार होने से बचा सकते है। 
ग्वालियर पुलिस द्वारा चलाये जा रहे नशा मुक्ति अभियान की भी जानकारी देकर उन्हे नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि आपको स्वयं नशे से दूर रहना चाहिए, साथ ही अपने आसपास के लोगों व परिजनों को भी इसके लिये जागरूक करना चाहिये।
दोनों स्कूलों में नशे के दूर रहने के लिये शपथ भी दिलाई गई। लिटिल एंजल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में एएसपी क्राइम द्वारा कैरियर मोटिवेशनल संबंधी दिये गये व्यायान के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं से कहा कि उन्हे हमेशा जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए, तभी आपको मनचाहा रास्ता मिलेगा। इस अवसर पर उनके द्वारा छात्र-छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर भी देकर उनकी शंका का समाधान किया गया।