7 लाख 20 हजार रुपए की स्मैक लेकर आया तस्कर पकडा

Nov 18 2022

ग्वालियर। अमित सांघी के निर्देश पर चलाये जा रहे नशा-मुक्ति अभियान के तहत ग्वालियर जिले में अवैध मादक पदार्थो व अवैध शराब की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी दौरान एसएसपी सांघी को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक  तस्कर स्मैक लेकर थाना झांसी रोड क्षेत्रान्तर्गत वैष्णोदेवी मंदिर के पास, रेल की पटरी किनारे स्मैक बैचने के लिये आने वाला है।
क्राइम ब्रांच व झांसी रोड थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हीरा भूमिया मंदिर के पास से  तस्कर को पकड़ा है। पकड़े गए तस्कर से स्मैक की खेप बरामद कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों का मानना है कि पकड़े गए तस्कर से पूछताछ के बाद कुछ अन्य तस्करों की जानकारी हाथ आ सकती है। बरामद स्मैक की कीमत करीब सात लाख रुपए बताई गई है।
एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक तस्कर स्मैक की खेप लेकर आने वाला है। सूचना पर टीआई क्राइम दामोदर गुप्ता, झांसी रोड थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा को कार्रवाई कर तस्कर को पकडऩे के निर्देश दिए। जिस पर पुलिस टीम को तस्कर को पकडऩे के लिए निर्देशित किया। क्राइम ब्रांच व झांसी रोड थाना पुलिस ने दो टीमें बनाकर हीरा भूमिया मंदिर के पास सर्चिग की तो एक युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। जिसका पीछा कर पुलिस ने पकड़ा और उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 72 ग्राम स्मैक कीमत करीब 7 लाख 20 हजार रुपए की बरामद हुई।
पकड़े गए तस्कर संजय पुत्र रामनिवास शर्मा निवासी इटोंदा सेवड़ा से क्राइम ब्रांच व झांसी रोड थाना पुलिस पूछताछ कर पता लगा रही है कि उसके साथ इस नशे के कारोबार में और कौन-कौन शामिल है, जिससे उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके, साथ ही पुलिस पता लगा रही है कि वह नशे की खेप कहां से लेकर आता है।