किला गेट पर रोड पर अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

Nov 13 2022

ग्वालियर। फूलबाग से सेवा नगर तक बन रही सडक़ के किनारे से अतिक्रमण हटाने के लिए रविवार को किला गेट पर नगरनिगम व प्रशासन अमला पहुंचा। अमले ने पहुंचते ही पहले से चिन्हित अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया। लोगों ने जैसे ही अपनी दुकानों व मकानों को टूटता देखा तो उनका आक्रोश भडक़ गया और उन्होंने पहले धरना दिया ओर ऊर्जा मंत्री के खिलाफ नारे लगाना शुरू किए। जब प्रशासन के अमला इससे नहीं रुका तो उन्होंने विरोध कर काम करने से रोका। ऐसे में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर विरोध करने वालों को गिरफ्तार कर लिया और थाने भेजा। प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया।
उल्लेखनीय है कि फूलबाग से सेवा नगर तक सडक़ का निर्माण चल रहा है। किला गेट क्षेत्र में सडक़ के दोनों किनारों पर अतिक्रमण होने से सडक़ का काम रुका हुआ था। इधर सडक़ न बनने की वजह से ऊर्जा मंत्री ने जूते चप्पल त्याग करने का संकल्प लिया था। इससे अफसरों पर दवाब था। रविवार को निगम व प्रशासन का अमला पुलिस बल लेकर किला गेट पर अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंच गया। जैसे ही अमले ने काम करना शुरू किया वैसे ही लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। लोगों ने प्रशासन के काम को हर संभव रोकने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर विरोध कर रहे लोगों को हिरासत में ले लिया।
ऊर्जा मंत्री के खिलाफ नारे लगाए
प्रशासन की टीम की कार्रवाई का विरोध करते हुए लोगों ने जेसीबी मशीनों के सामने धरना देना शुरू कर दिया और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तेामर के खिलाफ नारेबाजी करना शुरू कर दिया। पहले टीम व पुलिस ने लोगों को सामान्य रूप से हटाने का प्रयास किया। लेकिन जब लोग नहीं हटे तो पुलिस ने जबरन हल्का बल प्रयोग किया और लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
बनी तनाव की स्थिति
लोगों के विरोध करने व पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग करने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। इसके बाद मौके पर और पुलिस बल तैनात किया गया। जिससे यदि अप्रिय स्थति बने तो उसे काबू में किया जा सके।