चेकिंग में बाइक सवार बदमाश से मिला कट्टा

Nov 01 2022

ग्वालियर। चेकिंग में पुलिस को अपाचे बाइक सवार बदमाश ने गच्चा देकर भागने का प्रयास किया। बाइक सवार को भागते देखकर पुलिस एक्शन में आई और बाइक का एक किलोमीटर पीछा कर पकड़ लिया। युवक की तलाशी में एक मोबाइल मिला, जिसकी जांच करने पर हथियारों के फोटो मिले हैं। इन फोटो के आधार पर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक कट्टा व जिन्दा राउण्ड बरामद हुए हैं।
सिरोल थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह धाकड़ ने बताया कि पुलिस चेकिंग हरदौल गार्डन के पास चेकिंग कर रही थी कि तभी एक अपाचे बाइक से आता हुआ एक युवक दिखाई दिया। जो पुलिस को चेकिंग करते देखकर अपनी बाइक को गति देकर निकल गया। शंका होने पर पुलिस ने बाइक सवार का एक किलोमीटर पीछा करने के बाद पकड़ा। पुलिस पकड़ में आए युवक की पहचान जितेन्द्र पुत्र अजमेर सिंह निवासी सिरोल के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक मोबाइल, कट्टा व जिन्दा कारतूस मिले।
पुलिस ने उसके मोबाइल को चेक किया तो युवक के अवैध हथियारों के साथ फोटो के अलावा अन्य कई हथियारों के फुटेज मिले हंै। अब पुलिस पता लगा रही है कि कहीं पकड़ा गया युवक हथियार तस्कर तो नहीं जो वाटसएप की मदद से हथियारों का धंधा करता हो।