जरुरतमंदों को सहायता राशि बांटकर धूमधाम से मनाया स्थापना दिवस

Nov 01 2022

ग्वालियर। ग्वालियर में मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस के कार्यक्रम का आयोजन बाल भवन में किया गया। प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद विवेक शेजवलक, लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष इमरती देवी सहित शहर के सभी प्रशासनिक अधिकारी और भाजपाके वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शामिल रहे। वहीं स्थापना दिवस के अवसर पर मंत्री तुलसी सिलावट कार्यक्रम में पहुंचे जरुरतमंद महिला पुरुषों को उनके नए रोजगार खोलने और बीमार लोगों का इलाज कराने के लिए आर्थिक सहायता राशि के रूप में चेक दिए गए।
इस दौरान मंत्री तुलसीराम सिलावट ने स्थापना दिवस की बधाई दी। साथ ही कहा है, मध्य प्रदेश स्वच्छता के साथ-साथ विकास एवं जनता की सेवा के क्षेत्र में भी नित नये कीर्तिमान गढ़ रहा है। यह हम सभी प्रदेश वासियों के लिए गर्व की बात है कि देश के अनेक राज्य मध्यप्रदेश की योजनाओं का अनुसरण कर रहे हैं। मध्यप्रदेश की बेटियां खेल, व्यापार, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सफलता से प्रदेश एवं देश को गौरव महसूस करा रही हैं। वहीं कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संदेश को भी बडी स्क्रीन पर लाइव दिखाया गया।
स्थापना दिवस में शहर की अनेक महिलाएं और पुरुष शामिल होने पहुंचे, जहां मंत्री तुलसी सिलावट ने चाय का ठेला, सब्जी का ठेला, पान की दुकान, हाथ ठेला चलाने वालों को उनका रोजगार खोलने वाले जरुरतमंदों को सहायता राशि के रूप में चेक वितरण किए। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी बीमारी वाले लोगों के परिजन को सहायता राशि प्रदान की गई। इसके अलावा कई प्रतिभाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सप्ताह भर चलेंगे कार्यक्रम
स्थापना दिवस से शुरू होने वाले कार्यक्रमों की कड़ी में 2 नवम्बर को लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत नई लाड़लियों को इस योजना से जोड़ा जायेगा। 3 नवम्बर को स्वच्छता पर केन्द्रित गतिविधियां होंगीं। साथ ही ऐतिहासिक स्थलों व महापुरूषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई की जायेगी। इसके अलावा महत्वपूर्ण स्थानों पर 67 दीप प्रज्वलित किए जायेंगे। इसके अलावा स्थानीय व्यंजन प्रतियोगिता भी होगी। इसी क्रम में 4 नवम्बर को एक जिला-एक उत्पाद पर केन्द्रित गतिविधियाँ होंगीं। 5 नवम्बर को मध्यप्रदेश के गौरव पर केन्द्रित नाटक, लोक नृत्य व जननायकों पर केन्द्रित प्रतियोगितायें, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा व संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित कराई जायेंगीं। 6 नवम्बर को वन्य प्राणी सुरक्षा, ऊर्जा संरक्षण, साक्षरता और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों का आयोजन होगा। इसी कड़ी में 7 नवम्बर को्र बैजाताल पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान एवं मध्यप्रदेश गौरव आदि से संबंधित पुरस्कार वितरण समारोह होगा। साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी होंगीं।