जेएएच की पार्किंग पर बदमाशों ने मचाया उत्पात पार्किंग बूथ को तोडक़र कर्मचारियों के साथ मारपीट की

Oct 30 2022

ग्वालियर। ग्वालियर चंबल अंचल के सबसे बड़े अस्पताल जयारोग्य अस्पताल कैंपस की पार्किंग में आधा दर्जन बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया और पार्किंग बूथ में तोडफ़ोड़ की तथा बूथ पर मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट कर मौके से भाग गए। यह घटना गत देर रात की है। 
बदमाशों ने पार्किंग में मौजूद कर्मचारियों की मारपीट की है घटना कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है,पार्किंग में मौजूद कर्मचारियों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है, बदमाशों से पार्किंग शुल्क मांगने पर विवाद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बूथ पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ करने के बाद सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश के प्रयास तेज कर दिए।
गत देर रात में जयारोग्य अस्पताल परिसर में लगे पार्किंग बूथ पर कुछ लोग आए और पार्किंग को लेकर बूथ पर तैनात कर्मचारियों से उनका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सभी बदमाशों ने पार्किंग बूथ पर जमकर तोडफ़ोड़ कर दी यहां तक कि बूथ पर मौजूद स्टॉफ के साथ भी जमकर मारपीट की। यहां यह बताना भी जरूरी है कि जबसे यह पार्किंग व्यवस्था शुरू हुई है तभी से यहां पर विवाद हो रहा है। खासकर पार्किंग को लेकर यहां प्रतिदिन विवाद होना आम बात हो गई। 
गत रोज पार्किंग पर मौजूद स्टॉफ को उनसे भारी लोग मिल गए और उन्होंने पार्किंग शुल्क को लेकर बूथ की तोडफ़ोड़ कर दी। इतना ही नहीं जिस समय बूथ के पास बदमाश तोडफ़ोड़ करने में लगे थे उस समय कहने को तो यहां कई लोग मौजूद थे पर किसी ने भी बदमाशों के साथ संघर्ष करने का साहस नहीं जुटा पाया और बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब होकर मौके से फरार हो गए।