मुनिश्री के सानिध्य निकाली भगवान महावीर स्वामी की पालकी शोभायात्रा, आज चढ़ेगा भक्तिभाव साथ निर्वाण लड्डू

Oct 24 2022

ग्वालियर। श्रमण मुनिश्री विनय सागर महाराज के सानिध्य में मंगलवार को गाजेबाजे के साथ भगवान महावीर स्वामी पालकी शोभायात्रा निकाली गई। पालकी शोभायात्रा माधौगंज स्थित चितेरा ओली दिगंबर जैन मंदिर से गाजेबाजे के साथ भगवान महावीर स्वामी प्रतिमा को विराजित पालकी कर शोभायात्रा निकाली। यह शोभायात्रा जैन मंदिर से शुरू होकर मुख्य मार्गो से होती हुई चातुर्मास स्थल पहुँची। शोभायात्रा में महिलाएं केशरियाँ साडिय़ों में धार्मिक भजनों की धुन पर डांडिया नृत्य एवं पुरुष केशरिया धोती दुपट्टा वस्त्रों में कंधे पर भगवान पार्श्वनाथ की पालकी को जयकारों के साथ लेकर चल रहे थे। शोभायात्रा का जगह जगह जैन समाज के लोगो ने रंगोली सज्जकर भगवान पार्श्वनाथ भव्य अगवानी कर दीपकों से आरती उतारी एवं मुनिश्री के चरणों का पादप्रक्षालन कर आशीर्वाद ले रहे थे।
जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि श्रमण मुनिश्री विनय सागर महाराज के सानिध्य में  आज 25 अक्टूबर कार्तिक अमावस्या के मौके पर माधौगंज स्थित चातुर्मास स्थल आशियाना भवन में जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के 2549 वां मोक्षकल्याण निर्वाण पर प्रात: 7 बजे से भगवान का अभिषेक, पूजन कर 8 बजे निर्वाण लड्डू समर्पित किया जाएगा। दोपहर 1 बजे से 16 दिवसीय शांतिनाथ महामंडल विधान का समापन होगा। जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का पावापुर झारखंड में दीपावली पर निर्वाण हुआ था। इसी निमित्त निर्वाण लड्डू चढ़ाने कि परंपरा सदियों से चली आ रही है। वही ग्वालियर शहर के 85 जैन मंदिरों पर सुबह भगवान महावीर के निर्वाण दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन लाड़ू चढ़ाऐंगे।