उदास चेहरों पर मुस्कान लाने, जरूरतमंदों के साथ दीपावली मनाई शहर के युवाओं ने

Oct 24 2022

ग्वालियर। दीपावली पर शहर के जरूरतमंद लोगों के उदास चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए शहर के युवा स्वतंत्र रूप से या किसी संस्थान से जुडकर सामूहिक दीपावली मनाई। शहर के युवा उन जरूरतमंद लोगों के पास जा कर पटाखे, मिठाई और कपडे वितरित कर दीपावली मना रहें थें जिन्हें शायद पता भी नहीं चलता कि कब दीपावली आई और कब चली गई। आम सी मिठाई, पटाखे और कपडे इन जरूरतमंद लोगों के लिए कितनी खास हो जाती हैं वह उनके चेहरे की मुस्कान साफ बताती रही थी। शहर के युवाओं ने दीवाली के अवसर पर शहर और आसपास कें गांवों में जाकर झुग्गी-झोंपडी में रहने वाले जरूरतमंद लोगों के घरों में दीपक जलाए और त्यौहार के लिए आवश्यक वस्तुओं का वितरण कर खूब खुशियां बांटी।
बच्चों को पहनाए नये जूते
शहर के प्रन्यास डेवलपमेंट फ़ाउंडेशन ने इस दीपावली कंपू स्थित आयुर्वेदिक हॉस्पिटल के पीछे आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों के साथ जाकर दीपावली मनाई। फाउंडेशन के सदस्यों ने वहां जा कर सभी बच्चों को नए जूते, मिठाइयां और चाकलेट वितरित कर उनकी दीपावली को कुछ हद तक रोशन करने का प्रयास किया। इस फाउंडेशन के संस्थापक राहुल शर्मा ने बताया कि जब इन बच्चों को दीपावली के तोहफे दे रहे थे तो सभी बच्चों के चहरों पर अलग सी खुशी मौजूद थी, यह देखकर बहुत अच्छा लग रहा था।