नकली मावा का गोदाम पकड़ा, दो क्विंटल बरामद

Oct 21 2022

ग्वालियर। पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को गुप्तेश्वर मंदिर के पास बजरंग कॉलोनी में नकली मावा का गोदाम पकड़ा है। पुलिस ने यहां से दो सौ किलो मावा बरामद किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बजरंग कॉलोनी में दीवाली पर बाजार में खपाने के लिए नकली मावा का भंडारण किया गया है। इस सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मावा गोदाम की जांच की तो वहां पुलिस को दो सौ किलो मावा मिला। इसकी सूचना प्रशासन को दी गई इसके बाद प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। मावा के सेंपल लेकर उसे जांच के लिए भेजा जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस पता लगा रही है कि मावा कहां से आया था और कहां खपाया जाना था, साथ ही पता लगा रही है कि गोदाम का मालिक कौन है।