पुलिस ने चलाया नशा मुक्ति अभियान कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को नशे के प्रति किया जागरूक

Oct 20 2022

ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस द्वारा पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसएसपी अमित सांघी के मार्गदर्शन में जिले को नशे से मुक्त करने के लिये नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत एसएसपी सांघी द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग सस्थानों में जाकर वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को नशे के प्रति जागरूक करने के लिये निर्देशित किया गया। इसी तारतम्य में एएसपी अपराध राजेश डण्डोतिया द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत ग्वालियर की एमिटी यूनिवर्सिटी तथा प्रेस्टीज कॉलेज में नशे की बुरी आदत से दूर रहने के लिये छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।
एएसपी अपराध राजेश डण्डोतिया द्वारा एमिटी यूनिवर्सिटी तथा प्रेस्टीज कॉलेज में पहुंचकर वहां मौजूद छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति अभियान के तहत पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से जागरूक किया गया। प्रेस्टीज कॉलेज में इस अवसर पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों के नशे से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। अति. पुलिस अधीक्षक शहर (पूर्व/अपराध) द्वारा एमिटी यूनिवर्सिटी तथा प्रेस्टीज कॉलेज में उपस्थित छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उनको नशे की बुरी लत से दूर रहने के लिये जागरूक किया गया। ग्वालियर पुलिस द्वारा यह अभियान निरंतर जारी है इस अभियान के तहत प्रतिदिन पुलिस अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर जाकर छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को नशा मुक्ति हेतु जागरूक किया जायेगा।