त्यौहार पर बढ़ा कचरा, सफाई व्यवस्था भी चरमराई

Oct 20 2022

ग्वालियर। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही शहर से प्रतिदिन निकलने वाले कचरे की मात्रा में इजाफा हो रहा है। अब शहर से प्रतिदिन 575 टन कचरा निकल रहा है, जो आम दिनों में औसतन 450 टन निकलता था। इस तरह से कचरे की मात्रा में 27 फीसदी की वृद्धि हुई है। इसके बावजूद शहर में सफाई को लेकर अमला सक्रिय नहीं हो रहा है। 
अपर आयुक्त अतेंद्र सिंह गुर्जर जब निरीक्षण के लिए निकले, तो सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। वार्ड क्रमांक पांच में निरीक्षण के लिए पहुंचे अपर आयुक्त को जगह जगह गंदगी के ढेर नजर आए। इसके चलते उन्होंने डल्यूएचओ को निलंबित कर दिया।
दीपावली के चलते घरों में साफ-सफाई शुरू हो चुकी है। इसके चलते
कचरा अधिक निकल रहा है। अभी 27 प्रतिशत कचरा अधिक हुआ है, जो आने वाले दिनों में दोगुना तक होने की उम्मीद है यानी घरों से प्रतिदिन 800 टन कचरा निकलने की संभावना निगम के अधिकारी जता रहे हैं।
 इसके चलते अब शहर के सात कचरा संग्रहण केंद्रों को सक्रिय करने के साथ ही केदारपुर स्थित लैंडफिल साइट को देर रात तक चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा कचरे का सेग्रीगेशन किया जा सके।
निगम अधिकारियों ने लोगों से भी घरों से गीला-सूखा कचरा अलग- अलग कर देने की भी अपील की है। इसके बावजूद घरों तक डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन नहीं पहुंच रहे हैं।
नतीजतन लोग खुले में कचरा फेंकने को मजबूर हो रहे हैं। गुरूवार को अपर आयुक्त अतेंद्र गुर्जर ने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया, तो उन्हें कई स्थानों पर गंदगी मिली। उन्होंने मेला मैदान स्थित कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण कर निर्देश दिए कि टिपर वाहनों को तत्काल खाली किया जाए, जिससे यहां गाडिय़ों की कतार नहीं लगे। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए हैं कि दीपावली पर कचरा अधिक निकल रहा है, इसके कारण टिपर वाहन अधिक से अधिक शहर से कचरा एकत्रित कर उसे ट्रांसफर स्टेशन पर लाएं। अपर आयुक्त को कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर भी गंदगी मिली। निरीक्षण के दौरान कार्यशाला प्रभारी शैलेंद्र सक्सेना, पार्क विभाग के नोडल अधिकारी रोहित तिवारी आदि मौजूद थे।