शुभ मेट्रोमोनियल के नाम से फर्जी कॉल सेंटर पकड़ा मैनेजर व मालिक को लिया हिरासत में

Oct 20 2022

ग्वालियर। फर्जी मेट्रोमोनियल कॉल सेंटर को क्राइम ब्रांच ने सिटी सेंटर स्थित व्हाइट हाउस में पकड़ा है। क्राइम ब्रांच ने कॉल सेंटर के मैनेजर व मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। क्राइम ब्रांच ने जब यहां पर दबिश दी तो यहां पर 13 लड़कियां व दो लड़के काम कर रहे थे। क्राइम ब्रांच ने कॉल सेंटर पर मिले युवक-युवतियों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
एसएसपी राजेश डंडोतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि सिटी सेंटर स्थित व्हाइट हाउस में शुभ मेट्रोमोनियल के नाम से फर्जी कॉल सेंटर चल रहा है। इसका पता चलते ही पुलिस टीम को सूचना की तस्दीक व कार्रवाई सौंपी गई। टीम ने कॉल सेंटर पहुंचकर जानकारी जुटाई तो पता चला कि यहां पर लोगों के रजिस्ट्रेशन करने के बाद ठगी का कारोबार चलता है और करीब डेढ़ दर्जन के लगभग बेरोजगार युवक व युवतियों को कॉल कर लोगों को फंसाया जाता है।
काम कर रहे 13 युवती 2 युवक मिले
फर्जी मेट्रोमोनियल कॉल सेंटर का पता चलते ही क्राइम ब्रांच ने दबिश दी। जब क्राइम ब्रांच यहां पर पहुंची तो करीब डेढ़ दर्जन के लगभग युवक-युवतियां काम कर रही थीं। उनसे पूछताछ की तो पता चला कि उन्हें पांच-पांच हजार रुपए प्रति माह की सेलरी पर रखा गया है और पूरा गोरखधंधा कॉल सेंटर का मालिक गौकरन व मैनेजर अर्चना साहू करते है इसका पता चलते ही क्राइम ब्रांच ने मैनेजर व संचालक को हिरासत में लेकर काम करने वाली युवतियों व युवक से पूछताछ के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
सत्तर हजार की लगाई थी चपत
क्राइम ब्रांच को विजय कुमार नामक युवक ने शुभ मेट्रोमोनियल कॉल सेंटर की शिकायत की थी और बताया था कि शादी के लिए रजिस्ट्रेशन करने के बाद उससे सत्तर हजार रुपए की ठगी को अंजाम दिया गया था और इसके बाद क्राइम ब्रांच ने पड़ताल के बाद यहां पर दबिश दी।
क्राइम ब्रांच के एडीशनल एसपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि एक फर्जी मेट्रोमोनियल कॉल सेंटर पकड़ा है। मेट्रोमोनियल के संचालक व मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। कॉल सेंटर से मोबाइल कंप्यूटर और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं कॉल सेंटर से पकड़े महिला और पुरूष से इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी अमित सांघी ने कहा कि क्राइम ब्रांच ने एक फर्जी मेट्रोमोनियल कॉल सेंटर पकड़ा है। मेट्रोमोनियल के संचालक व मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।