रैली निकालकर दुकानदारों एवं आमजनों को प्लास्टिक का उपयोग न करने का संदेश दिया

Oct 19 2022

ग्वालियर। प्रकृति के दुश्मन तीन पाऊच, पन्नी, पॉलीथिन" के नारे के साथ मानव कल्याण के लिये सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करना चाहिये। जिसके लिये मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। इस स्वच्छ भारत अभियान के लिये जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर, राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ द्वारा महाराज बाड़े पर सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन कार्यक्रम किया गया। 
आजाद भारत यदि मनुष्य की देन सिंगल यूज प्लास्टिक से भी आजादी प्राप्त कर लेता है तो इससे सुखद आजादी का महाउत्सव नहीं हो सकता यह सिंगल यूज प्लास्टिक मानव के साथ में जीव-जन्तु व पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचा रहा है। यह बात कुलपति प्रो. अविनाश तिवारी ने स्वयंसेवकों से कही। स्वच्छ भारत अभियान जीरो पॉइन्ट टू का आगाज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिल्ली चाँदनी चौक पर एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा शुरू कर सभी विश्वविद्यालयों में आज के दिन ही एक साथ किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. अविनाश तिवारी कुलपति जेयू, डॉ. रविकांत अदालतवाले, डॉ. मनोज अवस्थी, डॉ. संजय कुमार पाण्डेय, डॉ. वीणा शुक्ला, डॉ. मंजू वीर, डॉ. मौसमी सिंह, प्रो. नरेन्द्र वर्मा, प्रशान्त पाण्डेय, धीरज ढींगरा, आकाश अष्ठाना एवं पुनीत बंसल उपस्थित थे।
कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के स्वयंसेवक उपस्थित थे। सर्वप्रथम माननीय कुलपति का स्वागत माला पहनाकर एवं स्वच्छता अभियान कैंप लगाकर किया गया। इसके उपरांत सभी रासेयो स्वयंसेवकों को स्वच्छता कैप देकर स्वच्छता अभियान को महाराज बाड़े के पास नजर बाग मार्केट में सिंगल यूज प्लास्टिक को एकत्रित कर नगर निगम की तीन गाडियों में भरकर भेजा गया। स्वच्छ भारत अभियान में महाराज बाड़े के आस-पास लगभग 200 स्वयंसेवकों ने रैली निकालकर दुकानदारों एवं आमजनों को प्लास्टिक का उपयोग न करने का संदेश दिया।
कुलपति तिवारी ने कहा कि प्लास्टिक का उपयोग हमारे मानव समाज के लिये नुकसान दायक है। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करके मानव उसको खाद्य पदार्थ सहित फेंक देता है। इस खाद्य पदार्थ के कारण जानवर प्लास्टिक को ही खा जाते हैं जो उनके जीवन के लिए काफी नुकसान दायक है। जानवरों के जीवन को बचाना भी मनुष्य का कर्तव्य है। 
डॉ. अदालतवाले ने बताया कि आस-पास के फैले हुये कचड़े को यदि हम नष्ट करते हैं तो इस समय के मौसम में होने वाली बीमारियों से बच सकते हैं। यह मौसम डेंगू बीमारी के प्रकोप को अधिकाधिक संख्या में बढ़ा रहा है जिसका कुछ हिस्सा गंदगी के कारण भी संभव है। डेंगू बीमारी के कारण कई लोगों की असामयिक मृत्यु हो रही है। महाविद्यालय से रैली के रूप में स्वयंसेवक नजरबाग मार्केट में फैली गंदगी, पॉलीथिनों का संग्रहण कर नगर निगम की गाडियों में डालकर स्वच्छता का संदेश दिया