केन्द्रीय गृहमंत्री शाह ने "गाथा स्वराज की" प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

Oct 16 2022

ग्वालियर। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को जयविलास पैलेस स्थित म्यूजियम में "गाथा स्वराज की" प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। 
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जय विलास पैलेस स्थित म्यूजियम में "गाथा स्वराज की" प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया। प्रदर्शनी में देश के प्रमुख मराठा शासक सिंधिया, गायकवाड़, होल्कर, नेवालकर, भौंसले और पंवार जैसे तीस मराठा रियासतों के बारे में उल्लेख किया गया है। उद्घाटन के पश्चात केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने म्यूजिय़म का अवलोकन किया। उन्होंने यहाँ दरबार हॉल देख-कर उसकी तारीफ़ की। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जयविलास पैलेस स्थित म्यूजियम का अवलोकन करने के पश्चात विजिटर बुक में अपना संदेश लिखा।  
जयविलास पैलेस यानि सिंधिया राजघराने में अब रानी लक्ष्मीबाई की एंट्री हो गई है। ग्वालियर जयविलास पैलेस स्थित संग्रहालय घूमने आने वालों को अब सिंधिया राजघराने की विरासत की भव्यता के साथ अब माराठा इतिहास और मराठा वीर नायकों की शौर्य गाथा को जानने और समझने का भी मौका मिलेगा। जयविलास पैलेस में अब मराठा इतिहास पर गैलरी बनाई गई है। गैलरी में मराठाओं के पानीपत युद्ध से लेकर वर्तमान समय तक के वीर नायक जिनमें पेशवा, शिवाजी व अन्य राजाओं की शौर्य गाथा उनके युद्ध कौशल की झलकियों पर आधारित चित्रों की प्रदर्शनी होगी।
जिससे युवा इस मराठा साम्राज्य के बारे में जान सकेंगे। इसमें चित्रों, मूर्तियों के अलावा उस समय के हथियारों व तलवारों का वर्णन भी रहेगा। जिससे म्यूजियम में आने वाले मराठा साम्राज्य और उनके वीर योद्धाओं के बारे में जान सकेंगे। 
यहां अमित शाह ने गैलरी का अवलोकन करने के बाद सिंधिया राजघराने के कुछ पारंपरिक लजीज व्यंजनों का भी स्वाद चखा। यहां केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चांदी की ट्रेन में परोसा जाने वाला लजीज व्यंजन का स्वाद लिया। पहली बार है कि कोई गृहमंत्री, सिंधिया राजघराने के महल में आया है। 
जयविलास पैलेस में बनी इस गैलरी में मराठा वीर नायकों के शौर्य गाथा के अलावा मराठा साम्राज्य की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की झलक का प्रदर्शन किया गया है। इसमें मराठा साम्राज्य की हस्तियां छत्रपति शिवाजी, संभाजी महाराज, राजाराम प्रथम, महाराणी ताराबाई, छत्रपति शाहू के अलावा पेशवा रहे नायकों व सिंधिया राजघराने के राजाओं का जिक्र मिलेगा। गैलरी में चित्रों और उस जमाने के हथियारों से उस समय के इतिहास से परिचय कराएगा जाएगा कि किस तरह सिंधिया राजघराने की स्थापना हुई और कौन-कौन राजा रहे।
पानीपत से लेकर मुगल शासकों के साथ संघर्ष की पूरी कहानी
जयविलास पैलेस में बनी इस गैलरी में मराठा वीर नायकों की शौर्य गाथा का क्रमानुकसार वर्णन है। यहां मराठाओं के मुगल शासन काल में संघर्ष और खुद की जमीन तैयार करने से लेकर अभी तक का सबसे बड़ा मराठा युद्ध पानीपत के तृतीय युद्ध के बारे में विस्तार से बताया गया है। उस समय के हथियारों को दिखाया गया है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के जयविलास पैलेस पहुँचने पर उनकी अगवानी केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी श्रीमती प्रियदर्शनी राजे सिंधिया ने की। 
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, यशोदा राजे सिंधाया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, हितानंद शर्मा सहित ग्वालियर संभागायुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, निगमायुक्त किशोर कान्याल उपस्थित रहे।