केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में हुआ 450 करोड़ रुपए से बनने वाले नए एयर टर्मिनल का भूमिपूजन

Oct 16 2022


ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया हवाई अड्डा ग्वालियर के नए टर्मिनल एवं हवाई अड्डे के विस्तार कार्य की आधारशिला 16 अक्टूबर 2022 रविवार को केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में रखी गई। गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को ग्वालियर में 450 करोड़ रुपए से बनने वाले राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल के विस्तार का शिलान्यास किया। मंत्रोचार के बीच शाह ने हवन कुंड में आहुति दी। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेन्द्र सिंह तोमर समेत कई मंत्री मौजूद रहे। खास है कि यह एयरपोर्ट सौर ऊर्जा से संचालित होगा। यहां से शाह व्यापार मेला ग्राउंड पहुंचे। वे यहां आयोजित सभा और हितग्राही सम्मेलन में शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह विमान से ग्वालियर आए वह अपने निर्धारित समय पर महाराजपुरा एयरबेस पर उतरा। उनके साथ सीएम शिवराज सिंह चौहान भी थें। एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी के लिए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित कई वरिष्ठ मंत्री व नेता मौजूद थे। हालांकि वे ही लोग हैं जो सूची में शामिल हैं। इसके अलावा एयरपोर्ट में किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। 
जैसे ही एयरपोर्ट से उनका काफिला रवाना हुआ। वैसे ही महाराजपुरा से लेकर गोला का मंदिर व मेला मैदान के रूट को रोक दिया गया। जिससे रास्ते में कोई बाधा न हो। इसके साथ ही शहर की सीमा पर खासतौर से महाराजपुरा व गोले का मंदिर की तरफ आने वाले रास्तों को रोक दिया गया है। सभी चौराहों पर सुरक्षा बल सतर्क था किसी को भी आगे बढऩे नहीं दे रहा था। साथ ही रास्तों पर विशेष नजर रखी गई थी कि कहीं से कोई आवारा मवेशी न आ जाए। ऐसे में यहां पर जाम लग गया है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नए एयर टर्मिनल की नींव रखने के बाद मेला मैदान में सभा को संबोधित करने के लिए मंच पर पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित कई प्रदेश सरकार के मंत्री व भाजपा नेता थें। मंच पर पहुंचने के बाद सरस्वती पूजन के बाद उनके स्वागत शुरू हुआ है। सभा में मौजूद लाखों लोगों का उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवान किया। साथ ही एयरपोर्ट के होलोग्राफिक डिजायन का अवलोकन किया। उनके अभिवादन का जवाब हाथ हिलाकर दिया। साथ ही अमित शाह जिंदाबाद के नारे लगाए।
 ग्वालियर आए देश के गृहमंत्री अमित शाह ने एक बार फिर कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, कश्मीर से धारा-370 हटाना, मुफ्त में कोरोना वैक्सीन और गरीबों को मुफ्त राशन समेत पीएम मोदी के सभी बड़े कामकाज और फैसले गिनाए। उन्होंने कहा कि फिर से चुनाव आने वाले हैं। गलती मत करना। पीएम मोदी पर भरोसा करना और कमल पर बटन दबाना।
इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को ग्वालियर में 450 करोड़ रुपए से बनने वाले राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल के विस्तार का शिलान्यास किया। शाह ने मंत्रोचार के बीच हवन कुंड में आहुति दी। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई मंत्री मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर का एयरपोर्ट इंदौर-भोपाल से भी बड़ा होगा। इसका विस्तार 30 हजार वर्गफीट से बढ़कर 2 लाख वर्गफीट होने जा रहा है।
अमित शाह ने कहा कि लगता है शिवराज जी ने कोई यज्ञ किया है, मध्यप्रदेश रोज सुर्खियों में रहता है। हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने उज्जैन में महाकाल लोक की सौगात दी। पीएम मोदी ने तुष्टिकरण की राजनीति की बजाय सबका सम्मान किया। अमित शाह ने कहा कि अटल बिहारी वायपेयी ने ग्वालियर की धरती को अपनी कर्मभूमि बनाया और प्रधानमंत्री बने। 
राजमाता विजयराजे सिंधिया एयरपोर्ट का शिलान्यास हम सबने मिलकर किया है। शाह ने सिंधिया की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि सिंधिया जी के प्रयास से भव्य एयरपोर्ट की योजना जमीन पर उतरने जा रही है। शाह ने कहा कि शिवराज के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम लिखेगा।
अमित शाह ने कमलनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यहां थोड़े समय के लिए कमलनाथ की सरकार आई थी, उन्होंने सारी योजनाएं बंद कर दी थी, शिवराज जी फिर से सीएम बने तो फिर से सभी योजनाएं पटरी पर ला दी। प्रधानमंत्री ने नल से जल योजना शुरू की थी, उसे भी कमलनाथ सरकार ने बंद कर दिया था। लेकिन शिवराज सिंह सरकार ने उसे फिर से शुरू किया।
अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने वो काम किए, जो कभी ना हो सके। अयोध्या में भव्य राम मंदिर की आधारशिला रखी। वह जल्द ही मूर्त रूप लेना वाला है। पीएम मोदी जी के दृढ़ संकल्प के चलते ही कश्मीर से धारा 370 हटाई जा सकी। शाह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में वो सब काम हुए जो कभी नहीं हुए थे। शाह ने कहा कि देश के गरीब को मुफ्त राशन और आवास देने का काम भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।
राम मंदिर का निर्माण कांग्रेस की सरकार ने नहीं किया। देश की सबसे बड़ी समस्याओं का हल मोदी सरकार ने किया। अनुच्छेद- 370 को हटाया। मोदीजी ने 224 करोड़ कोरोना के टीके फ्री में लगवाए। ढाई साल तक देश के गरीबों को मुफ्त राशन दिया गया। 80 करोड़ गरीबों को पहली बार अनुभव कराया है कि आजादी के बाद इनके लिए कोई सोचने वाला है। प्रदेश में आपने कांग्रेस का अनुभव कर लिया है ना। अब फिर से चुनाव आने वाले हैं, गलती मत करना। मोदी जी पर भरोसा रखना और कमल का बटन दबाना। शिवराज सरकार का लक्ष्य प्रदेश का विकास है। भाजपा हमेशा विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगी।
शाह ने सिंधिया की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि सिंधिया के प्रयास से भव्य एयरपोर्ट की योजना जमीन पर उतरने जा रही है। शाह ने कहा कि बीजेपी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम लिखेगा।
ग्वालियर, विकास में इंदौर और भोपाल को पीछे छोड़ेगा-शिवराज सिंह 
हितग्राही सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा धारा-370 हटी तो आग लग जाएगी, धारा हटी भी और पत्ता तक नहीं हिला। पीएफआई पर प्रतिबंध लगाने वाले गृहमंत्री का ग्वालियर की धरती पर स्वागत है। प्रधानमंत्री ने आदेश दिया, मेडिकल की शिक्षा मातृभाषा में हो। मप्र ने इसे सबसे पहले लागू कर दिया। कमलनाथ ने जल जीवन मिशन पर एक रुपए का काम नहीं किया। कमलनाथ ने तो पीएम आवास के घर भी चुरा लिए। जब सिंधिया ने कहा- ग्वालियर के विकास के लिए रुपए दीजिए। कमलनाथ बोले- निपट लेंगे। सिंधिया जी ने उन्हें ही निपटा दिया। अब चंबल का पानी पीने के लिए ग्वालियर और मुरैना को दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने अभी चीतों की सौगात दी थी। ग्वालियर विकास में इंदौर और भोपाल को पीछे छोड़ेगा। 5 हजार 7 करोड़ की ग्वालियर संभाग के लिए सिचाई योजना शुरू की है। ओलावृष्टि से खराब फसलों पर पूरा मुआवजा दिया जाएगा।
सिंधिया के नेतृत्व में अंतराष्ट्रीय बन रहा-नरेंद्र सिंह तोमर
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा ग्वालियर में एयरपोर्ट छोटे स्तर पर था। उसका विस्तार हो रहा है। प्रधानमंत्री बस रेलवे से लेकर हवाई तक को लेकर काम कर रहे हैं। गरीब भी हवाई सफर कर सके, इस ओर काम हो रहा है। ग्वालियर का एयरपोर्ट बनता तो जरूर, लेकिन सिंधिया के पास मंत्रालय होने से यह जल्दी और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बन रहा है।
इंदौर-भोपाल से बड़ा व सौर ऊर्जा से संचालित होगा ग्वालियर एयरपोर्ट-सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज रविवार 16 अक्टूबर ग्वालियर के लिए गौरव का दिन है। क्योंकि देश के गृह मंत्री अमित शाह यहा पर सौगात देने आए हैं।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर का एयरपोर्ट इंदौर-भोपाल से भी बड़ा होगा। 450 करोड़ की लागत का एयर टर्मिनल सौर ऊर्जा से संचालित होगा। एयरपोर्ट 180 एकड़ में बनने जा रहा है। इसका आकार 30 हजार वर्गफीट से बढ़कर 2 लाख वर्गफीट हो जाएगा। इसके अलावा, मुंबई-ग्वालियर फ्लाइट अब चार दिन चलेगी। ग्वालियर-चंबल में 4300 करोड़ रुपए की नलजल योजना की शुरुआत भी होगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि 18 महीने की कांग्रेस सरकार में ग्वालियर चंबल को अकेला छोड़ा गया था। 
भाजपा की सोच रही है पहले राष्ट्र हित, फिर दल है। इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा विकास का इतिहास रच रही है। सिंधिया ने शाह से ग्वालियर में एसएसबी का मुख्यालय बनाए जाने व आईटीबीपी की श्रृंखला बनाए जाने की मांग रखी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिहं तोमर ने मंच से अमित शाह को दंडवत होकर प्रणाम किया।
ऐसे बदलेगी एयरपोर्ट की काया
एयर टर्मिनल की कुल जमीन 172.6 एकड़ है। इसमें 143.2 एकड़ जमीन आलू अनुसंधान केंद्र की लीज पर ली गई है। पहले चरण में एयर टर्मिनल बिल्डिंग बनाने में 240 करोड़, एप्रन व टैक्सी-वे के निर्माण में 30.40 करोड़ खर्च होंगे। एयर टर्मिनल बिल्डिंग 20 हजार वर्ग मीटर में बन रही है। वर्तमान एप्रन(विमान पार्क होने वाला एरिया) में एक एयर बस और दो छोटे विमान पार्क किए जा सकते हैं। नया एप्रन व टैक्सी-वे बनने के बाद पुराने एप्रन एरिया में 4 व नए में 9 विमान एक साथ होंगे। एयरपोर्ट परिसर में सोलर पैनल लगाए जाएंगे।
एक साल में बनकर होगा तैयार
31 साल बाद ग्वालियर में हवाई सेवा के नए दौर की शुरुआत हो रही है। इससे पहले 1991 में तत्कालीन केंद्रीय नागर विमानन मंत्री माधवराव सिंधिया ने एयरपोर्ट का लोकार्पण किया था। नया एयरपोर्ट टर्मिनल 172.6 एकड़ में बनकर तैयार होगा। खास बात यह है कि इसे एक साल के रिकॉर्ड टाइम में बनाकर तैयार करने का लक्ष्य नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रखा है। वर्तमान एयर टर्मिनल भवन बनने में 5 साल का वक्त लगा था। नए एयरपोर्ट टर्मिनल के निर्माण से यहां एक साथ 13 विमान पार्क हो सकेंगे। एप्रन एरिया में विमान आने व जाने के लिए दो अलग-अलग रास्ते होंगे। एंट्री गेट भी बदल जाएगा।
राजमाता विजयाराजे सिंधिया हवाई अड्डे पर आयोजित शिलान्यास समारोह में प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर संभागायुक्त दीपक सिंह, एडीजी डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी भी उपस्थित थे। 
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नए टर्मिनल के निर्माण के संबंध में तैयार किए गए मॉडल का भी अवलोकन किया। इस मॉडल के माध्यम से अत्याधुनिक नए टर्मिनल के संबंध में जानकारी प्रदर्शित की गई है। 
सुबह से पहुंचीं महिलाएं
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह से ही लोगों का आगमन शुरु हो गया था। ग्रामीण क्षेत्र से ये महिलाएं बसों में यहां मेला स्थित सभा स्थल पर पहुंचीं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ता भी आना शुरु हो गए थे। कार्यकर्ता और लोगों के आने का सिलसिला मुख्य अतिथि गृहमंत्री अमित शाह के आगमन के बाद तक जारी रहा।
शाह के कार्यक्रम में विध्न डालने वाले लिए निगरानी में
 गृहमंत्री अमित शाह के एयर टर्मिनल कार्यक्रम में विध्न डालने की योजना बना रहे कुछ शरारती लोगों को पुलिस सख्ती करते हुए निगरानी में लिया है। वहीं पुलिस की टीम इनसे पूछताछ कर इनके अन्य साथियों का पता लगाने में जुट गए है। पुलिस अफसरों का कहना है कि इन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है, कार्यक्रम होने के बाद इन्हें छोड़ दिया जाएगा।
दुरबीन से रखी नजर
गृहमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए सुबह से ही पुलिस जवान और अफसर ऊंची बिल्डिंगों पर तैनात कर दिए, जहां से उन्होंने हर एक व्यक्ति पर नजर रखी और जहां पर भी संदिग्ध दिखा उसकी जानकारी पुलिस अफसरों तक पहुंचाई।