चोर पकड़ा, दो लाख के मोबाइल बरामद

Oct 15 2022

ग्वालियर। मोबाइल चोरी करने वाले एक चोर को बहोड़ापुर थाना पुलिस ने लक्ष्मण तलैया हनुमान घाटी से पकड़ा है। पकड़े गए चोर से दो लाख रुपए के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जिनमें एक आईफोन भी है। पुलिस ने पकड़े गए चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों मानना है कि पकड़े गए चोर से पूछताछ में कुछ अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है।
टीआई बहोड़ापुर डॉक्टर संतोष यादव ने बताया कि पुराने वारंटियों की तलाश में एएसआई ओमप्रकाश शर्मा, प्रधान आरक्षक राजेश शर्मा, आरक्षक हिम्मत सिंह, रामौतार धाकड़ को इलाके में रवाना किया गया था। जब पुलिस टीम लक्ष्मण तलैया स्थित हनुमान घाटी पहुंची तो पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा। युवक को भागते देखकर शंका हुई और पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ा और पकड़कर थाने लाए। पकड़े गए युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम सुल्तान पुत्र कल्लू बाथम निवासी लक्ष्मण तलैया बताया। पुलिस ने भागने का कारण पूछा तो उसने पुलिस को देखकर डरना बताया। जब पुलिस ने उसका रिकॉर्ड खंगाला तो पता चला कि वह शातिर चोर है और बहोड़ापुर थाने में ही उसके खिलाफ 8 मामले दर्ज है। 
इसका पता चलते ही पूछताछ की तो उसने बताया कि दो दिन पहले उसने दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर दो लाख रुपए के मोबाइल चोरी किए थे। इसका पता चलते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर उसके घर से दो लाख रुपए कीमत के मोबाइल बरामद किए हैं।