केंद्रीय गृहमंत्री का ग्वालियर दौरा, कड़ी सुरक्षा में शहर, तैनात रहेंगे दो हजार जवान

Oct 15 2022

ग्वालियर। देश के गृहमंत्री अमित शाह आज रविवार को ग्वालियर आ रहे हैं। ग्वालियर में गृहमंत्री शाह नए एयर टर्मिनल का शिलान्यास करेंगे। वह करीब चार घंटे शहर में रहेंगे, इसके चलते शहर पुलिस छावनी बन गया है। शहर के हर चौराहे पर कड़ी चेकिंग चल रही है। एयरपोर्ट से लेकर मेला ग्राउंड और जयविलास पैलेस तक पूरे रूट पर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था रहेगी। क्योंकि गृहमंत्री शाह एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पहले मेला ग्राउंड पहुंचेंगे, यहां शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ वह जयविलास पैलेस जाएंगे। जयविलास पैलेस में गृहमंत्री शाह करीब डेढ़ घंटे रहेंगे। शाह पहली बार जयविलास पैलेस जा रहे हैं। इसके चलते जयविलास पैलेस के आसपास भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यहां सीआरपीएफ के अधिकारियों के दल ने भी पहुंचकर जायजा लिया।
शनिवार सुबह सबसे पहले पुलिस कंट्रोल रूम में ग्वालियर जोन के एडीजी डी.श्रीनिवास वर्मा, एसएसपी अमित सांघी ने सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इसमें वह अधिकारी भी शामिल थे, जो बाहर से गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के चलते ड्यूटी में आए हैं। इसके बाद एडीजी और एसएसपी ने एयरपोर्ट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था देखी। फाइनल कार्केड रिहर्सल भी शनिवार को ही हुई। एएसपी रैंक के अधिकारी को रिहर्सल की जिम्मेदारी दी गई है। 
शहर के थानों के अलावा बाहर से भी अतिरिक्त फोर्स ग्वालियर आया है। करीब दो हजार जवान सुरक्षा में लगाए गए हैं। गृहमंत्री के काफिले के रूट पर रात से ही सुरक्षा-व्यवस्था लगा दी गई। इस रूट पर ड्रोन से भी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष निगाह रखी जा रही है। शनिवार को इन इलाकों में पुलिस ने पेट्रोलिंग भी की। पुलिस कंट्रोल रूम में सीसीटीवी सर्विलांस रूम से भी निगरानी की जा रही है।
शहर के आउटर पाइंट पर भी लगाए चेकिंग पाइंट, हर गाड़ी पर रखी जा रही निगाह
अमित शाह के ग्वालियर दौरे को देखते हुए शहर के आउटर प्वाइंट पर भी चेकिंग दल तैनात कर दिए गए हैं। कलेक्ट्रेट रोड से लेकर सिरोल, हुरावली तिराहा, महाराजपुरा, पुरानी छावनी, बेला की बावड़ी, गिरवाई, मुरार इलाके में चेकिंग प्वाइंट लगाए गए। यहां रात आठ बजे से चेकिंग शुरू हुई। बाहर से आने वाली हर गाड़ी पर निगाह रखी जा रही है। दूसरे शहर और दूसरे राज्यों की गाडिय़ों की डिक्की तक देखी जा रही है। उधर शुक्रवार को दिनभर पुलिस ने शहर में होटल, धर्मशाला, लाज खंगाले। केंद्रीय गृहमंत्री के काफिले का रूट और आयोजन स्थल पर बम डिस्पोजल स्कवाड ने चेकिंग की।
यह रहेगी ट्रेफिक व्यवस्था
भिंड, मालनपुर की तरफ जाने वाले सभी वाहन गोला का मंदिर से यादव धर्मकांटा, मल्लगढ़ा तिराहा, अटल द्वार होते हुए भिंड की ओर जा सकेंगे।
भिंड और मालनपुर की ओर से आने वाले सभी वाहन लक्ष्मणगढ़ पुल से बाइपास होते हुए बेहटा चौकी, बड़ा गांव पुल से एमएच तिराहा, हुरावली तिराहा, सचिन तेंडुलकर मार्ग होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे।
 मुरैना की ओर से आने वाले सभी वाहन जो बस स्टैंड से होते हुए फूलबाग की ओर जाने वाले सभी वाहन निरावली से प्रवेश करेंगे और रायरू, अटल द्वार से जलालपुर, सागरताल चौराहे से बहोड़ापुर होते हुए जा सकेंगे।
मुरार से भिंड, मुरैना की ओर जाने वाले वाहन मुरार स्थित छह नंबर चौराहे से आर्मी एरिया, बड़ागांव हाईवे होते हुए जा सकेंगे।
मुरैना से दतिया, झांसी, शिवपुरी की ओन आने वाले सभी वाहन निरावली से प्रवेश करेंगे और रायरू, अटल द्वार, मोतीझील, बहोड़ापुर होते हुए बेला की बावड़ी जा सकेंगे।
एयरपोर्ट से गोला का मंदिर चौराहा, मेला ग्राउंड के चारों तरफ के मार्ग, सूर्य नमस्कार तिराहा से पड़ाव आरओबी, एसकेवी तिराहे से मोती महल रोड की जगह वैकल्पिक रास्तों का उपयोग वाहन चालक करें, यह रास्ते बंद रहेंगे।