भोपाल भेजने से पहले चौबीस डलियों से 12 सौ किलो मावा जब्त किया

Oct 14 2022

ग्वालियर। भिण्ड-मुरैना में निर्मित मिलावटी मावा व पनीर परिवहन करने वाले मिलावट खोरों पर नकेल कसते हुए शुक्रवार की सुबह फूड एण्ड सेफ्टी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ट्रेन से भोपाल भेजी जा रही चौबीस डलिया मावा की खेप पार्सल कार्यालय में बुक करने से पहले ही लोडिंग ऑटो से जब्त कर मावा मालिक को भी दबोच लिया। टीम ने पकड़े गए मावा की कीमत 2 लाख 88 हजार रुपए होना बताई है।
खाद्य एवं औषधि अधिकारी सतीश धाकड़ ने बताया कि दीपावली त्योहार से पहले अंचल से नकली मावा-पनीर ट्रेन व वीडियो कोचों द्वारा शहर से दूसरे शहरों में नहीं भेजा जा सके इसके लिए एडीएम इ'िछत गणपले के निर्देश पर दो टीमें रेलवे व प्राइवेट बस स्टैण्ड पर तैनात की गई हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को सुबह मुखबिर से पिन प्वाइंट सूचना मिली थी कि अटेर भिण्ड निवासी संतोष सिंह नरवरिया बड़ी मात्रा में मावा की डलिया लेकर गोला का मंदिर चौराहे से लोडिंग ऑटो से लेकर स्टेशन के पार्सल कार्यालय में ट्रेन से भोपाल भेजने के लिए पहुंचने वाला है। मुखबिर से सूचना मिलते ही अलर्ट टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए लोडिंग ऑटो को स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से पार्सल कार्यालय पहुंचने से पहले पकड़ लिया।
मौके पर कार्रवाई कर रहे औषधि अधिकारी सतीश धाकड़ ने बताया कि लोडिंग ऑटो क्रमांक एमपी 07 जीए 6510 में लदी पचास किलो वजनी चौबीस मावा की डलिया मावा मालिक संतोष सिंह नरवरिया की मौजूदगी में जब्त कर मौके पर ही सैंपलिंग की कार्रवाई की। जब्त किया गया कुल मावा बारह सौ किलो है और उसकी बाजार में होलसेल कीमत 2 लाख 88 हजार रुपए मावा मालिक संतोष सिंह ने बताई है। उक्त कार्रवाई में सतीश धाकड़, गोविन्द सरगैया, बृजेश शिरोमणी सहित सतीश शर्मा शामिल हैं। धाकड़ ने बताया कि जब्त किए गए मावे की खेप को कोल्ड स्टोरेज में रखवाया जाएगा।
इस बारे में एडीएम इच्छित गणपल ने बताया कि दीपावली त्योहार पर अंचल से नकली मावा-पनीर के परिवहन को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। शुक्रवार की सुबह भोपाल के लिए भेजी जा रही मावा की खेप पकड़ी गई है। यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगा।